Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

अमेठी : एक तरफ राहुल की भारत जोड़ो यात्रा, तो दूसरी तरफ स्मृति ईरानी का जनसंवाद कार्यक्रम


 अमेठी। : राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का उत्तर प्रदेश में आज चौथा दिन है। आज ये यात्रा प्रतापगढ़ होते हुए उनके संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंची है। अपने गढ़ अमेठी में भाजपा की स्मृति ईरानी से शिकस्त मिलने के बाद राहुल यात्रा के जरिये अपनी पैठ बनाने की कोशिश में हैं।

 

राहुल गांधी की अमेठी में स्वागत की भव्य तैयारियां की गई थी। राहुल की अगुवाई में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का जिले में अलग-अलग 27 स्थानों पर कांग्रेस द्वारा स्वागत स्थल बनाया गया था। यात्रा के अमेठी पहुंचते ही एक जनसैलाब सा उमड़ पड़ा। आज वह अपने संसदीय क्षेत्र में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वहीं दूसरी ओर अमेठी से सांसद भाजपा की स्मृति ईरानी भी अमेठी पहुंच चुकी है। आज क्षेत्र में उनका जनसंवाद कार्यक्रम है।

सोमवार (19 फरवरी) को राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र में ही रहेंगे और रात भी यहीं व्यतीत करेंगे। इस दौरान वह स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

राहुल के अमेठी आगमन की भव्य तैयारी

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में अमेठी पहुंंची भारत जोड़ो न्याय यात्रा में विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। राहुल के कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूरी की गई थी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा से किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा मजदूरों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे।

राहुल अपनी यात्रा के जरिए लोगों को साधने की कोशिश में लगे हुए हैं खासकर की युवाओं और महिलाओं को। इस यात्रा में वह महंगाई, युवाओं को रोजगार और किसानों के मुद्दे के जरिए अपना मत मजबूत करने में जुटे हुए हैं।

अमेठी के चार दिवसीय दौरे पर स्मृति

केंद्रीय मंत्री व सांसद स्मृति इरानी भी सोमवार को चार दिवसीय दौरे पर संसदीय क्षेत्र पहुंची हैं। पहले दिन यानी आज वह अमेठी विधान सभा क्षेत्र के गांवों में जनसंवाद विकास यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को सुनेंगी।

कांग्रेस व भाजपा समर्थकों के बीच किसी तरह के टकराव की स्थिति न बने। इसके लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस, पीएसी के साथ ही दूसरे जिलों से भी फोर्स को बड़ी संख्या में गौरीगंज-अमेठी में तैनात किया गया है।