पटना

अरवल: अनियंत्रित ट्रक ने दो छात्रों को रौंदा, एक की मौत


कलेर (अरवल)। शुक्रवार को ट्यूशन पढ़कर लौट रहे दो छात्रों को एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया, जिससे एक छात्र की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 139 पर अवस्थित कलेर बाजार की है। जानकारी के अनुसार दोनों छात्र साइकिल से कलेर बाजार से ट्यूशन कर अपने घर सरवरपुर लौट रहे थे, तभी पूर्व की तरफ़ से आ रही एक बेलगाम ट्रक ने दोनों को रौंद दिया।

इस दौरान दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर कलेर थाना ने दोनों घायल छात्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सदर हॉस्पिटल में रफ़ेर कर दिया। सदर हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही एक युवक की मौत हो गई। मृतक सरवरपुर गांव के विपुल कुमार पिता बिनय महतो बताया जाता है।

वही गंभीर रूप से घायल युवक औरंगाबाद जिला के दाउदनगर थाना अंतर्गत असलामपुर गांव का रहने वाला पंकज कुमार है, जिसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को थोड़ी देर के लिए जाम कर दिया।