पटना

अरवल: किंजर में हैंड ग्रेनेड मिलने से ग्रामीणों में दहशत


करपी (अरवल)। किंजर थाना क्षेत्र के झिकटिया टाड़ी के मैदान में एक हैंड ग्रेनेट मिलने से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है। बताया जा रहा है कि उक्त मैदान में बच्चे खेल रहे थे। इसी क्रम में बच्चों ने ग्रेनेड देखा और उसे खोलने का प्रयास किया। लेकिन किस्मत अच्छी रही कि वह खुल नहीं पाया। जब इसकी जानकारी बच्चों ने ग्रामीणों को दी तो उसे देखने को ग्रामीणों ने भीड़ लगा दिया।

वहीं कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना किंजर पुलिस को दिया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इसे तहकीकात की। तहकीकात में इसे पता चला कि यह विस्फ़ोटक हैंड ग्रेनेट है। किंजर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने इस विस्फ़ोटक की सूचना पटना के बम निरोधक टीम को दिया। वहीं जब तक बम निरोधक टीम नही पहुंची तब तक इस हैंड ग्रेनेट को यहां से हटाया नहीं गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि यह सब हरकत उपद्रवियों की है, जो क्षेत्र में दहशत फ़ैलाकर शांति व्यवस्था भंग करना चाहता है। वैसे उपद्रवियों पर पुलिस खास नजर रख रही है। वही इस वारदात को लेकर वरीय पुलिस अधिकारी को सूचना दे दी गई है। साथ ही इसकी तहकीकात की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सघन सर्च अभियान भी चलाया जाएगा। इधर इस मामले को लेकर आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है।