पटना

अरवल: लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटे : डीएम


जिलाधिकारी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर दी कई जानकारियां

अरवल। बुधावार को जिला पदाधिकारी जे प्रियदर्शनी के द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा जारी लॉकडाउन के बाद जिले में भी लॉकडाउन का पालन कराने के लिए जिला प्रशासन सख्ती कर रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार द्वारा लॉकडाउन लगाया गया है, जिसका जिले में सख्ती से पालन कराया जाएगा। अगर कोई भी लॉकडाउन का उल्लंघन करते पकड़े गए तो उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जिलेवासियों से कहा कि सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें और बिना किसी काम के बाहर ना निकले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी लोग सख्ती से पेश आएं और लॉकडाउन पालन करवाएं। जिन इलाकों में लॉकडाउन का अनुपालन सही से नहीं किया जाएगा, उन इलाकों के पदाधिकारियों पर भी उचित कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी को सामूहिक किचन बनाने के लिए स्थल चयन करने का निर्देश दिया। डीएम ने सभी पदाधिकारियों से कहा कि लॉकडाउन पालन करवाने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में माईकिंग सिस्टम से अलाउंस किया जाएगा।

उन्होंने हेल्पलाइन नंबर जारी कर कहा कि इस नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06337-229494, 228984 एवं 228008 है। जिला नियंत्रण कक्ष का व्हाटसएप संवाद संख्या 8235230817 है। यदि कहीं भी इसका उल्लंघन पाया जाता है तो कोई भी व्यक्ति साक्ष्य के साथ इस नम्बर पर शिकायत कर सकते है। प्रेस वार्ता के दौरान एसपी राजीव रंजन, डीडीसी, डीपीआरओ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।