पटना

17 करोड़ की जालसाजी करने वाला पटना से गिरफ्तार


नन बैंकिंग कंपनी खोलकर हजारों लोगों को लगाया चूना

दानापुर (पटना)(आससे)। अरूणाचल प्रदेश की पुलिस ने 17 करोड़ रूपये की जालजास को रूपसपुर पुलिस की सहयोग से धर-दबोचा है। गिरफ्तार जालसाज चौधरी ब्रज किशोर है जो मूलरूप से नालंदा जिला का रहने वाला है। जालसाज नाम बदलकर राजा बाजार में रह रहा था। बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जालसाज खगौल रोड़ में अपनी कार की सर्विस करा रहा है। सूचना के आलोक में अरूणाचल प्रदेश की पुलिस ने रूपसपुर पुलिस की मदद से कार के शोरूम में छापेमारी कर चौधरी ब्रज किशोर कुमार को गिरफ्तार किया।

इस संबंध में अरूणाचल प्रदेश के दारोगा अरूण कुमार पांडे ने बताया कि इटानगर के बंदरदेवा थाना में इसके खिलाफ जालसाजी करने का मामला दर्ज है। यह फर्जी ढंग से नन बैंकिंग की कंपनी खोलकर लगभग पांच हजार से अधिक लोगों का रुपये लेकर फरार हो गया था। इसकी गिरफ्तारी के लिए कई दिनों से पुलिस ने अपना जाल बिछा रखा था।

आज सूचना मिली कि अभियुक्त चौधरी ब्रज किशोर कुमार रूपसपुर के गोला रोड में घूम रहा है। पुलिस ने अभियुक्त के मोबाईल फोन के लॉकेशन के आधार खगौल रोड में छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया। रूपसपुर थानाध्यक्ष मधुसूदन कुमार ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार जालसाज को अरूणाचल प्रदेश की पुलिस के हवाले कर दिया।