Latest News नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

अशोक गहलोत का हमला, बोले- देशवासियों को बताएं, BBC जैसी संस्था को टारगेट क्यों बना रही सरकार?


नई दिल्ली, । ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (बीबीसी) के दफ्तरों पर आयकर विभाग (आईटी) का तलाशी अभियान आज भी जारी है। आईटी की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेता मोदी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं।

देशवासियों को कारण बताए सरकार

अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा, “सरकार ने एजेंसियों को जिस प्रकार से प्रभावित कर रखा है, किसी भी कीमत पर उचित नहीं कहा जा सकता। अब बीबीसी पर हमला किया गया है। बीबीसी की क्रेडिबिलिटी एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी है।” गहलोत ने आगे कहा कि बीबीसी की आज भी लोगों में विश्वसनीयता है। देशवासियों को कारण बताना चाहिए कि बीबीसी जैसी संस्था को टारगेट क्यों बनाया है। देशवासियों को विश्वास में लेना चाहिए। मेरा मानना है इससे सरकार और देश की भी बदनामी होगी। सरकार को कारण स्पष्ट करना चाहिए।

घमंड में भाजपा सरकार

अदाणी मुद्दे पर विपक्ष की जेपीसी की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर गहलोत ने कहा, “बीजेपी की खुद की क्या विश्वसनीयता है। सरकार बनाना अलग बात है। जिस तरह की उनकी सोच है। आज हालात बने हैं देश के अंदर… ये घमंड में है। देश में हालात गंभीर है। महंगाई, बेरोजगारी की तरफ ये लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं।”

विपक्ष हमलावर

इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि केंद्र सरकार मीडिया की स्वतंत्रता को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। मीडिया पर सरकार दबाव बना रही है।

बीबीसी का बयान

वहीं, आईटी की कार्रवाई पर बीबीसी ने मंगलवार को बयान जारी किया था। बीबीसी ने कहा कि आईटी की टीम के साथ पूरा सहयोग किया गया। दांच दल को कंपनी के अधिकारियों की ओर से सभी दस्तावेज और जानकारी मुहैया कराई गई है। हमें उम्मीद है कि स्थिति का जल्द समाधान होगा।