Latest News मनोरंजन महाराष्ट्र

अश्लील फिल्में बनाने के केस में शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पर कसा शिकंजा, आज है पेशी


  • बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को कथित तौर पर पोर्न (अश्लील) फिल्मों का निर्माण करने और उन्हें कुछ ऐप के माध्यम से प्रसारित करने के मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने सोमवार को बताया कि कुंद्रा इस मामले के ”मुख्य साजिशकर्ता” प्रतीत होते हैं।

केस में अब तक राज सहित 11 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी

उन्होंने बताया कि कुंद्रा (45) के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज होने के बाद उन्हें अपराध शाखा ने सोमवार को गिरफ्तार किया। वहीं राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के लगभग 10 घंटे बाद क्राइम ब्रांच ने नेरुल इलाके से रयान थारप नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस केस में अब तक राज सहित 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

राज कुंद्रा के खिलाफ पर्याप्त सबूत

इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम राज कुंद्रा को मंगलवार को कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस का कहना है कि उनके पास राज कुंद्रा के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। पुलिस ने वीडियो अपलोड करने वाले उमेश कामथ को भी गिरफ्तार किया है।मुंबई पुलिस ने एक बयान में कहा, ”अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप के माध्यम से उन्हें प्रसारित करने का मामला मुंबई अपराध शाखा में फरवरी 2021 में दर्ज किया गया था। हमने इस मामले में 19 जुलाई 2021 को राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया, क्योंकि वह इसमें मुख्य साजिशकर्ता प्रतीत होते हैं। हमारे पास इस बारे में पर्याप्त सबूत हैं।”

मुंबई के मालवानी पुलिस स्टेशन में चार फरवरी को मामला दर्ज किया गया था

उपनगरीय मुंबई के मालवानी पुलिस स्टेशन में चार फरवरी को मामला दर्ज किया गया था। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि एक महिला ने पुलिस से संपर्क किया था और अपनी शिकायत में कुछ आरोप लगाए थे, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा, ”इस आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और अपराध शाखा को मामला सौंपा गया। इससे पहले भी हमने अश्लील फिल्म बनाने के संबंध में मामले दर्ज किए थे, जिनमें एक अभिनेत्री और कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।