Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

आंखों में आंसू लिए जोजोजी मंदिर में अपने चहते शिंजो आबे को अंतिम श्रद्धांजलि दे रहे लोग


टोक्‍यो । जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे को अंत‍िम श्रद्धांजलि देने के लिए टोक्‍यो के जोजोजी मंदिर में लोगों का तांता लगा हुआ है। मंगलवार को यहीं पर उनका अंतिम संस्‍कार किया जाएगा। इसमें परिवार के लोगों समेत कुछ दूसरे गणमान्‍य व्‍यक्ति भी हिस्‍सा लेंगे। रविवार को अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भी उन्‍हें अपनी श्रद्धांजलि दी थी। ब्लिंकन इंडोनेशिया, थाईलैंड के बाद जापान गए थे। पूरे विश्‍व में उनके निधन से शोक है। पूरी दुनिया आज उन्‍हें अपनी अंतिम श्रद्धांजलि भी दे रही है। विश्‍व के सभी नेताओं ने उनकी हत्‍या की कड़ी निंदा की है।

बीते शुक्रवार को नारा शहर में उच्‍च सदन के लिए होने वाले चुनाव के प्रचार के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उन्‍हें एक व्‍यक्ति ने गोली मार दी थी। हमले के तुरंत बाद उन्‍हें अस्‍पताल ले जाया गया जहां डाक्‍टरों ने उन्‍हें बचाने की काफी कोशिश की लेकिन नाकाम रहे थे। शिंजो को गोली मारने वाले व्‍यक्ति का नाम तेतसुया यामागामी है। हमले के तुरंत बाद उसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। यामागामी ने काफी करीब से उन्‍हें गोली मारी थी।

टोक्‍यो के मंदिर में उन्‍हें श्रद्धांजलि देने वालों की लंबी लाइन लगी है। अधिकतर लोग काले लिबास में अपने चहेते नेता के अंतिम दर्शनों के लिए यहां आए हैं। बता दें कि शिंजो जापान के सबसे लंबे समय तक पीएम पद पर रहने वाले व्‍यक्ति थे। जोजोजी मंदिर में शिंजो को अंतिम श्रद्धांजलि देने आए सुकासा योकोवा ने एएफपी को बताया कि वो अपने दुख को छिपा नहीं सका और शिंजो को श्रद्धांजलि देने यहां चला आया। योकोवा ने बताया कि उसने यहां पर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनकी और उनके परिवार की शांति के लिए कामना की।

51 वर्षीय नर्स युको तकीशा जो टोक्‍यो के नजदीक कनागावा में रहती है अपने दुख को बताते हुए भावुक हो गई। उसने कहा कि ये बहुत बुरा वक्‍त है। तकीशा का कहना था कि शुक्रवार को जो कुछ हुआ उसको रोका जा सकता था। शिंजो के आज होने वाले अंतिम संस्‍कार को देखते हुए नेशनल पब्लिक सेफ्टी कमीशन के चेयरमेन सातोशी निनोयू ने खुद सिक्‍योरिटी का जायजा लिया है। स्थानीय पुलिस ने पहले ही शिंजो जैसे हाई-प्रोफाइल राजनेता की सुरक्षा में हुई चूक को स्‍वीकार किया है।