News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

आजाद के समर्थक नौ और वरिष्ठ नेताओं ने दिया पदों से इस्तीफा


ऊधमपुर, : गुलाम नबी आजाद के समर्थक 10 दिग्गज कांग्रेस नेताओं के हाल में अपने पदों से इस्तीफा देने के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष जीए मीर के खिलाफ शुरू हुई बगावत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को ऊधमपुर जिला कार्यकारी अध्यक्ष और जिला महिला अध्यक्ष सहित पार्टी के नौ और वरिष्ठ नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को संयुक्त इस्तीफा भेजने वालों में कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी खजूरिया, जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष प्रीति खजूरिया, वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य शकील अहमद शाह, प्रदेश असंगठित कांग्रेस के महासचिव अशोक कुमार शर्मा, टिकरी ब्लाक के अध्यक्ष नारायण दत्त, जगानू ब्लाक कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष प्रकाश चंद शर्मा, युवा कांग्रेस जगानू अध्यक्ष अभय संधु, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारी सदस्य एवं वरिष्ठ नेता गीता देवी तथा जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी सदस्य सुरेश खजूरिया शामिल हैं। मेल से भेजे गए इस्तीफे की प्रति पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और जम्मू कश्मीर की पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल को भी भेजी गई है।

इस्तीफे में नेताओं ने गिनाए कारण : जम्मू कश्मीर में राजनीतिक विरोधियों के साथ आतंकवाद की चुनौती से निपटने के लिए मजबूत कैडर की जरूरत है। मगर जम्मू-कश्मीर के सभी चुनावों में गुटबाजी हावी रही, जिसका नुकसान पार्टी को हुआ। गुटबाजी के चलते मेहनत से काम करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को आगे बढऩे से रोका गया। इससे जम्मू कश्मीर में पार्टी को प्रतिद्वंद्वियों से एक के बाद एक विधानसभा, बीडीसी, डीडीसी, सरपंच, स्थानीय निकाय चुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा। पार्टी का प्रदेश नेतृत्व कैडर को एकजुट करने में सक्षम नहीं है। परिणामस्वरूप कई मंत्रियों व पार्टी के दिग्गज नेता पार्टी और पदों से इस्तीफा दे चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष भीड़ जुटाने में सक्षम हैं, लेकिन मतदाताओं को नहीं। आज पार्टी के पदों से इस्तीफा देने में दुख हो रहा है, लेकिन वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर कांग्रेस में बने रहेंगे और पहले से अधिक समर्पण के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे।