पटना

इस्लामपुर: गरीबों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार चला रही कई योजनाएं : सांसद


मुख्यमंत्री की अगुआई में हर वर्ग का उत्थान हुआ : श्रवण कुमार 

इस्लामपुर (नालंदा) (संसू)। स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के पटना रोड स्थित पालिका मार्केट में जदयू प्रखंड कार्यालय में नालंदा विधायक सह पूर्व मंत्री श्रवण कुमार, हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी प्रेम उर्फ मुखिया जी का अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष तनवीर आलम ने की। मुख्य अतिथि सांसद कौशलेंद्र ने कहा कि सरकार की सभी योजनाएं गरीबों के सर्वागीण विकास के लिए है। हम जनप्रतिनिधियों का नैतिक कर्तव्य है कि योजनाओं का लाभ उसके हकदारों तक पहुंचाएं। हम लोग नीतीश कुमार के सिपाही है।

नालंदा विधानसभा के विधायक सह पूर्व मंत्री श्रवण कुमार ने कहा की मुख्यमंत्री की अगुवाई में हर वर्ग का उत्थान हुआ है। सरकार चाहती है कि समाज के सबसे अंतिम पायदान पर बैठे लोगों को विकास के मुख्यधारा से जोड़े। इस सोच को लेकर वह पूरे बिहार का विकास कर रहे हैं। और, उन्होंने कहा की क्षेत्र का विकास हमारी प्राथमिकता में शामिल है। सभी कार्यों एवं योजनाओं का निष्पादन स्थानीय स्तर पर हो पाएगा। इससे पंचायत स्तर के किसी भी कार्यों के लिए ग्रामीणों को अंचल या प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण स्तर पर विकास को बढ़ावा दे रही है, जिससे बिहार विकास की ओर बढ़ सके। श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार के लोग पहले बिहार को घृणा के नजर से देखते थे। लेकिन नीतीश कुमार ने बिहार में विकास कर बिहार को आगे ले गए। आज हम गर्व से कहते है की हम बिहारी है।

पूर्व विधायक ई॰ सुनील कुमार ने कहा की इस्लामपुर के कार्यकर्ता जैसा कहीं का जोशीला कार्यकर्ता नहीं है। इस्लामपुर के कार्यकर्ता को नीतीश कुमार भी पसंद करते है। हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी ने कहा की हमारा सतत प्रयास होगा कि आप सबों की कसौटी पर खरा उतरूं। लेकिन, अगर कभी हमसे भूल हो जाए तो अवश्य बताएं मार्गदर्शन दें। और, मै इस्लामपुर कार्यकर्ता के लिए तात्पर्य रहूंगा। इस मौके पर पूर्व विधायक चंद्रसेन प्रसाद, शियाशरन ठाकुर, श्रीनिवास शर्मा, मो0 मोखतार शाह, शैलेन्द्रर प्रसाद आदि सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।