News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

ईडी की पूछताछ के बाद सोनिया से मिलने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे राहुल, प्रियंका गांधी भी मौजूद


नई दिल्ली, । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी से ईडी अधिकारियों की पूछताछ खत्म हो गई है। पूछताछ के बाद राहुल गांधी ईडी दफ्तर से बाहर निकल गए हैं। अधिकारियों ने उनसे कई घंटों तक पूछताछ की। बता दें कि राहुल गांधी की ED के सामने पेशी को लेकर सुबह से ही नेताओं और कार्यकर्ताओं का कांग्रेस मुख्यालय पर पहुंचना शुरू हो गया था। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात के लिए उनकी बहन प्रियंका गांधी उनके आवास पहुंची। यहां दोनों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद प्रियंका और राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय के लिए रवाना हुए। वहीं, राहुल गांधी की ED के सामने पेशी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किए। जिसके बाद पुलिस ने कई जगहों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

  • सोनिया से मिलने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे राहुल-प्रियंका

    सोनिया से मिलने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे राहुल-प्रियंका

     

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल अपनी मां सोनिया से मिलने पहुंचे। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को 12 जून को COVID से संबंधित मुद्दों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

  • अनुराग ठाकुर ने साधा कांग्रेस पर निशाना

     

    नेशनल हेराल्ड मामले पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि समय-समय पर कांग्रेस पार्टी संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्न चिन्ह खड़े करती रही और जिन्होंने लंबे समय तक देश पर राज किया, उनके ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं आज वो जांच एंजेसियों से डर रहे हैं। क्या छिपाना चाहते हैं? जो खुद को सबसे पुराना राजनीतिक दल कहते हैं, आज वो लोकतंत्र को बचाने का नहीं 2,000 करोड़ रुपए की गांधी परिवार की संपत्ति को बचाने का काम कर रहे हैं। ये सब अपने आप में प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है और लगता है कि दाल में कुछ काला है या फिर पूरी दाल ही काली है।

  • राहुल गांधी से पूछताछ खत्म

     

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ईडी अधिकारियों की पूछताछ खत्म हो गई है। पूछताछ के बाद राहुल गांधी ईडी दफ्तर से बाहर निकल गए हैं। अधिकारियों ने उनसे कई घंटों तक पूछताछ की।

  • अहमदाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

     

    अहमदाबाद में नेशनल हेराल्ड मामले में पार्टी नेता राहुल गांधी के खिलाफ ईडी जांच का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।

  • अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र सरकार पर बोला हमला

     

    कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की छवि धूमिल करने के लिए ये साजिश हो रही है, लेकिन राहुल गांधी डरने वाले नहीं हैं। वो निडर होकर सभी सवालों के जबाव देंगे। जब राहुल गांधी दफ्तर में गए तो हमारी मांग थी कि वकील को अंदर जाने दिया जाए लेकिन जाने नहीं दिया गया। सुप्रीम कोर्ट की राय है कि पूछताछ में एक व्यक्ति के साथ 2 वकील जा सकते हैं। हम इसके लिए पुलिस ऑफिसर से बात कर रहे थे लेकिन पुलिस ने असभ्य बर्ताव करते हुए हमें वहां से उठाकर यहां ले आए।

  • प्रियंका गांधी ने हिरासत में लिए गए नेताओं से की मुलाकात

     

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने तुगलक रोड पुलिस स्टेशन पहुंचकर सत्याग्रह मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए पार्टी के नेताओं से मुलाकात की। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ED कार्यालय पूछताछ चल रही है।

     


  • ED दफ्तर में राहुल गांधी का दर्ज कराया जा रहा बयान

     

    सूत्रों की मानें तो नेशनल हेराल्ड मामले में ED दफ्तर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछताछ के दौरान एक उप निदेशक, एक संयुक्त निदेशक द्वारा एक सहायक निदेशक स्तर के अधिकारी मौजूद हैं। धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 50 के तहत राहुल गांधी का बयान दर्ज किया जा रहा है।

  • कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने लगाया आरोप

     

    कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने तुगलक रोड के एसएचओ को पत्र लिखकर ईडी कार्यालय के रास्ते में दिल्ली पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।

  • नेशनल हेराल्ड केस को लेकर स्मृति ईरानी ने पूछे कांग्रेस से सवाल

     

    नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी की ईडी के सामने पेशी को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा एक कंपनी जो 1930 में गठित होती है उसका नाम एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड। जिस पर अब गांधी परिवार का कब्ज़ा है। इस अखबार के प्रकाशन के लिए एक ही परिवार को शेयर होल्डिंग दी गई और ये एक ही परिवार को इसलिए दी गई ताकि वे प्रकाशन न करें बल्कि रियल स्टेट का बिजनेस करें। 2008 में इस कंपनी ने अपने ऊपर 90 करोड़ का कर्ज चढ़ा लिया था और फैसला किया कि अब ये कंपनी प्रोपर्टी के बिजनेस में उतरेगी। 2010 में 5 लाख रूपए से यंग इंडिया नाम की कंपनी बनी और राहुल गांधी इसमें निदेशक के रूप में इसमें सम्मिलित हुए। 75% मात्र उनकी हिस्सेदारी थी बाकी उनकी माता जी के पास, मोती लाल बोरा और आस्कर फर्नांडीज जैसे नेताओं के पास थी।

     


  • कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सरकार पर साधा निशाना

    कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सरकार पर साधा निशाना

     

    नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी की ईडी के सामने पेशी को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस रणदीप सिंह सुरजेवाला को हिरासत में लिया गया। इस दौरान उन्होंने कहा गोडसे के वंसज एक बार फिर गांधी को डराने चले हैं, ना महात्मा गांधी डरे थे और ना उनके उत्तराधिकारी डरेंगे। अगर इस देश में अखबार के पत्रकारों की तनख्वाह देना, हाउस टैक्स देना, बिजली का बिल देना अपराध है तो हम ये अपराध बार-बार करेंगे। मोदी सरकार हमें गिरफ्तार करे और हमें आजीवन कारावास दे, अंग्रेज भी हारा था और मोदी भी हारेगा।

     


  • कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया

    कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया

     

    कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, केसी वेणुगोपाल को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन्हें तुगलक रोड थाने ले जाया गया है। वहीं, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, अशोक गहलोत को भी हिरासत में लिया गया और फतेहपुर थाने ले जाया गया है।

  • केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

    केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

     

    केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के समर्थन में कांग्रेस आज उतरी है। जो जेल से बेल पर हैं उन्होंने घोषणा की है कि आओ दिल्ली को घेरो एक जांच एजेंसी पर दबाव डालने के लिए कांग्रेस शासित मंत्रियों को आमंत्रित किया गया। एजेंसी पर इस तरह से दबाव डालने को आप क्या नाम देंगे।
  • लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन

    लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन

     

    नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेशी के खिलाफ कांग्रेस समर्थकों ने यूपी की राजधानी लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस समर्थकों को हिरासत में लिया गया।

  • कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी ने दी जानकारी

    कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी ने दी जानकारी

     

    कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीएम सागर हुड्डा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने हमें एक मीटिंग के बाद पत्र लिखा था जिसमें कहा गया था कि 200 कांग्रेस नेताओं सहित वरिष्ठ नेताओं को कांग्रेस मुख्यालय जाने की इजाजत दें। साथ ही 1000 कांग्रेस समर्थक को भी जाने की इजाजत दें। हमने कहा कि आप बड़े तौर पर प्रदर्शन करना चाहते हैं तो जंतर-मंतर आ सकते हैं। हमने 100 लोगों को वहां जाने की अनुमति दी। इसके अलावा बिना इजाजत के वहां पहुंचने वालों को हिरासत में लिया गया। ट्रैफिक गाइडलाइन भी जारी कर दी गई थी।