Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Rahul Gandhi Birthday जब मां सोनिया ने कहा था- सत्ता जहर है पढ़ें राहुल गांधी की जिंदगी से जुड़ी 10 बातें


नई दिल्ली, : कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। राहुल गांधी अपने बयानों की वजह के हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। उनका कोई न कोई बयान हमेशा से विपक्षी नेताओं के निशाने पर रहा है। हालांकि, इसके अलावा उनके निजी जीवन के बारे में कोई भी बात या बयान सार्वजनिक तौर पर कम ही दिखता है। आइए जानते हैं राहुल गांधी की जिंदगी से जुड़ी कुछ बातें।

राहुल की मां ने कहा था- सत्ता जहर है

1. राहुल गांधी 20 जनवरी 2013 को कांग्रेस उपाध्यक्ष बने थे। उपाध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने जब अपना पहला भाषण दिया था तब उनकी एक बात काफी सुर्खियों में थी। राहुल गांधी ने कहा, “बीती रात मां सोनिया गांधी मेरे पास आईं और कहा कि सत्ता जहर के समान है, जो ताकत के साथ खतरे भी लाती है।”

परिवार में सबसे अधिक पढ़े-लिखे शख्स बने राहुल

2. राहुल गांधी अपने परिवार में सबसे अधिक पढ़े-लिखे हैं। राहुल ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के ट्रिनिटी कॉलेज से डेवलपमेंट इकॉनॉमिक्स से एम फिल की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने कुछ दिनों तक एक कंपनी में नौकरी की। इसके बाद वह भारत लौटे थे।

राहुल ने नाम छिपाकर की थी पढ़ाई

3. राहुल गांधी ने सुरक्षा कारणों की वजह से कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में अपना नाम छपाकर पढ़ाई की थी। वह गांधी राउल विंसी के नाम से जाने जाते थे। इसके पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया था। उनकी असली पहचान सिर्फ यूनिवर्सिटी को ही पता था।

जब पहली बार अमेठी पहुंचे राहुल

4. राहुल गांधी जनवरी 2004 में पहली बार अमेठी गए थे। उन्होंने मार्च 2004 में अमेठी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की, जबकि उन्होंने जनवरी में अपने अमेठी दौरे पर कहा था कि अभी उनका राजनीति में आना तय नहीं हुआ है।

रिकॉर्ड मतों से अमेठी में जीत हासिल

5. राहुल गांधी ने अपने पहले ही चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की। उन्होंने अमेठी लोकसभा सीट से तीन लाख से अधिक मतों से चुनाव में जीत हासिल की। अमेठी लोकसभा सीट से पूर्व पीएम राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी सांसद चुने जा चुके थे।

जब राहुल ने पद लेने से किया मना

6. वर्ष 2004 में यूपीए की सरकार बनने के बाद, जनवरी 2006 में हैदराबाद में कांग्रेस का एक सम्मेलन आयोजित किया था। तब हजारों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता राहुल गांधी को पार्टी में किसी पद पर देखना चाहते थे, लेकिन राहुल गांधी ने मना कर दिया।

बयानों से कई बार फंसे राहुल गांधी

7. राहुल गांधी अपने बयानों के कारण कई बार फंसते नजर आते हैं। उन्होंने 2007 में यूपी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने के दौरान कहा था कि अगर बाबरी मस्जिद गिराने के समय गांधी परिवार का कोई व्यक्ति सक्रिय रहता तो ऐसा नहीं हो पाता। इसके बाद वह विपक्षी दलों के निशाने पर आ गए थे।

जब पहली बार गिरफ्तार हुए राहुल गांधी

8. राहुल गांधी पहली बार 2011 में गिरफ्तार हुए थे। वह यूपी के किसानों से मिलने जा रहे थे। जिस दौरान उनकी गिरफ्तारी हुई थी। उस वक्त यूपी में मायावती के नेतृत्व में बीएसपी की सरकार थी। भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसान प्रदर्शन कर रहे थे, जिनसे मिलने राहुल गांधी यूपी के भट्टा पारसौल गांव जा रहे थे।

कई खेलों के शौकीन हैं राहुल गांधी

9. राजनीति के अलावा राहुल गांधी की एक अलग निजी जीवन है। वह कई खेल जानते हैं। राहुल गांधी तैराकी, साइक्लिंग, बॉक्सिंग और निशानेबाजी भी जानते हैं। उन्होंने मार्सल आर्ट्स की भी ट्रेनिंग ली है। वह विमान उड़ाना भी जानते हैं।

राहुल गांधी के जीवन में ट्रैजिडी

10. राहुल गांधी के जीवन में दो बड़े ट्रैजिडी ने दस्तक दी है। राहुल जब सिर्फ 14 साल के थे, तब उनकी दादी पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की हत्या हो गई। इसके बाद जब वह 21 साल के हुए तब उनके पिता की हत्या कर दी गई। इन दोनों घटनाओं को राहुल गांधी के जीवन में अहम माना जाता है।