Latest News उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

उत्तराखंड में तबाही: अमित शाह करेंगे हवाई निरीक्षण, बचाव कार्य जोरों पर


  • नैनीताल, : उत्तराखंड में भारी बारिश-भूस्खलन और बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। हजारों लोग संकट में हैं। वहीं, कई स्थानों पर तीर्थयात्री भी फंसे हुए हैं। 40 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। काफी लोगों के शव तलाशे जा रहे हैं। बीआरओ, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। न्यूज एजेंसी ने बताया कि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम उत्तराखंड जाएंगे। वह समीक्षा बैठक करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद कल वह उत्तराखंड में हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे।

राज्य के डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि, उत्तराखंड में राहत एवं बचाव कार्य जोरों पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि, भारी बारिश के कारण कल बाधित हुए नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग को फिर से खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि, यहां यातायात की आवाजाही अब शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, एसडीआरएफ उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर के रिहायशी इलाकों में बचाव अभियान चला रही है। वह इलाका भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। राहत एवं बचाव दल के अभियान में एसडीआरएफ कमांडेंट नवनीत सिंह भी शामिल हो गए हैं।