Latest News उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

उत्तराखंड में दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, कुमाऊं में सीएम और पूर्व सीएम आजमा रहे भाग्य


हल्द्वानी : कुमाऊं में राजनीतिक दलों के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। यहां से भाजपा से सीएम समेत चार कैबिनेट मंत्री चुनावी रण में उतरे हैं। वहीं कांग्रेस से पूर्व सीएम समेत तीन कार्यकारी अध्यक्ष भी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। मिशन-2022 फतह के लिए मिशन मोड पर प्रचार शुरू हो चुका है। चुनाव के अब 13 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में इन दिग्गजों को खुद की सीट के साथ ही दूसरी सीटों पर भी प्रचार करना है। कम समय में यह किसी चुनौती से कम नहीं होगा।

भाजपा से सीएम पुष्कर सिंह धामी सीमांत क्षेत्र खटीमा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। धामी के सामने खुद चुनाव जीतने के साथ प्रदेश भर में जीत के लिए माहौल बनाना है। विषम भौगोलिक परिस्थिति वाले पर्वतीय क्षेत्र में हर सीट पर पहुंच पाना आसान नहीं हैं। उन्हें छह महीने के सीएम का कार्यकाल और राज्य व केंद्र सरकार के कार्यों को भी बताना है। कोरोना के चलते बड़ी सभाएं संभव नहीं हैं। ऐसे में कम समय में अधिक लोगों तक पहुंचने की बड़ी चुनौती है। फिलहाल इसके लिए मिशन मोड पर चुनाव प्रचार शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही भाजपा सरकार के चार कैबिनेट मंत्रियों में डीडीहाट से बिशन सिंह चुफाल, सोमेश्वर से रेखा आर्य, कालाढूंगी से बंशीधर भगत और गदरपुर से अरविंद पांडे हैं। इन्हें भी स्टार प्रचारक के तौर पर अपने अलावा दूसरी सीटों पर भी प्रचार करने की जिम्मेदारी है। दूसरी सीटों पर पहुंचने के अलावा वर्चुअल संबोधन भी करना है।