Latest News उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय लखनऊ

पश्चिम व ब्रज क्षेत्र में सपा-रालोद गठबंधन का गणित बिगाड़ती बसपा,


लखनऊ उत्तर प्रदेश में 18वीं विधानसभा के लिए हो रहे चुनाव के दो चरणों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही सभी सीटों पर जिस तरह की तस्वीर उभर कर सामने आ रही है, उससे सपा-रालोद गठबंधन की गणित को बसपा बिगाड़ती दिख रही है। इतना ही नहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश व बृज क्षेत्र के चुनाव वाली इन सीटों पर कांग्रेस और एआइएमआइएम (आल इंडिया मजलिस ए इत्तिहापद उल मुस्लिमीन) के मुस्लिम प्रत्याशी भी गठबंधन का कुछ खेल खराब कर सकते हैं। मुस्लिम उम्मीदवारों से बसपा या कांग्रेस को लाभ कम, भाजपा का फायदा होता जरूर दिख रहा है।

सोमवार को दूसरे चरण के नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही पहले-दूसरे चरण की कुल 113 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की तस्वीर भी साफ हो गई है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में 113 में से सर्वाधिक 91 सीटों पर भाजपा ने परचम लहराया था। तब कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में उतरी सपा को यहां से 17 सीटों पर जहां सफलता मिली थी। कांग्रेस की झोली में सिर्फ दो सीटें आईं थीं। बसपा भी दो और रालोद सिर्फ एक सीट पर सिमट कर रह गई थी। पांच वर्ष बाद अब हो रहे चुनाव में कई तरह की परिस्थितियां बदली हैं। अबकी सपा जहां जाट बहुल इस क्षेत्र में ज्यादा प्रभाव रखने वाले रालोद के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में है वहीं कांग्रेस भी अकेले ही सभी सीटों पर ताल ठोंक रही है। मुस्लिम बहुल पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख सीटों पर एआइएमआइएम ने भी अबकी प्रत्याशी उतारे हैं।