News TOP STORIES उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

उत्तराखण्ड : कुमाऊं की सीटों पर आज जारी हो सकती है भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची


नैनीताल, : उत्तराखंड में चुनावी चौसर बिछ चुका है। इसके साथ ही दलबदल की राजनीति भी शुरू हो गई है, जिसके बाद प्रत्याशियों की सूची भी अधर में लटक गई है। उत्तराखंड में अभी तक कांग्रेस और भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सूची नहीं जारी की है। जबकि कल यानी 21 जनवरी से नामांकन शुरू हो रहा है और 28 जनवरी नामांकन की आखिरी तारीख है। एेसे में दावेदारों में भी असमंजस बना हुअा है कि वे इलेक्शन कैंपेन कैसे शुरू करें। इस मामले में आम आदमी पार्टी ने बाजी मारी है। आप ने 50 प्रतिशत से अधिक सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। माना जा रहा है कि दोनों राष्ट्रीय दल भी आज देर रात तक प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकते हैं।

कुमाऊं मंडल में कुल 29 विधानसभा सीटें हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि दोनों ही पार्टियां ज्यादातर सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा पहली ही सूची में कर देंगी। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस उत्तराखंड विधानसभा की ज्यादातर सीटों पर सहमति बन चुकी है, लेकिल हरक सिंह रावत प्रकरण को लेकर अभी तक प्रत्याशियों के नामों का एलान नहीं हो सका है। फिलहाल पार्टी आलाकमान ने प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेताओं को नई दिल्ली में ही रुके रहने को कहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के मुताबिक, आलाकमान के निर्देश पर सभी नेता दिल्ली में हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि जल्द पार्टी प्रत्याशियों के नाम का एलान कर देगी। प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि करीब 25 सीटों पर सहमति नहीं बन पा रही थी। बीते सोमवार को हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में इन सीटों पर चर्चा की गई। अब हाई कमान को निर्णय लेना है।

भाजपा भी आज प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है। बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने 16 जनवरी को प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के तैयार पैनल केंद्रीय नेतृत्व को सौंपा था। बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कौशिक, प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, सह चुनाव प्रभारी आरपी सिंह भी इस बैठक में शामिल हुए। इसमें दावेदारों के पैनल में शामिल नामों पर सीटवार पर विमर्श हुआ। उम्मीद जताई जा रही थी कि देर शाम तक पार्टी नेतृत्व प्रथम चरण में उन सभी सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर देगा।