पटना

औरंगाबाद: प्रदूषण मानको के विपरित चल रहे ईंट भट्ठों एवं आरा मशीने होंगी बंद : मंत्री


२०२१-२२ में राज्य भर में लगाये जायेंगे ५ करोड़ पौधे

औरंगाबाद (आससे)। राज्य सरकार ने अवैध ढंग से एवं प्रदूषण मानकों के विपरित चलाये जा रहे आरा मशीने व ईंट भट्ठों को बंद करने के निर्देश जारी किये गये है। पर्यावरण एवं वन विभाग के मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने आज औरंगाबाद परिसदन में आयोजित पत्रकारवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्से में प्रदूषण मानकों का उल्लंघन कर पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे अवैध ईंट भट्ठों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के लिए विभागीय अधिकारियों को आदेश जारी किये गये है।

उन्हें यह भी निर्देश दिया गया है कि सूबे में एक भी आरा मशीन अवैध ढंग से संचालित न हो। उन्होंने कहा कि राजय में सभी औद्योगिक इकाइयों को हर हाल में प्रदूषण नियमों का पालन करना होगा। इस संवाददाता द्वारा औरंगाबाद शहर के बगल में अवस्थित सिमेंट फैक्टरी से हो रहे प्रदूषण एवं लोगों की स्वास्थ्य हानी के सवाल पर जबाब देते हुए मंत्री ने कहा उन्हें अपने संयंत्रों में प्रदूषण को नियंत्रित करने वाले उपकरण स्थापित करने होंगे। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि पर्यावरण का प्रदूषण नहीं होगा।

पर्यावरण एवं वन विभाग के मंत्री श्री बब्लू ने बताया कि पर्यावरण संतुलन को कायम रखने के लिए २०२१-२२ में राज्य भर में ५ करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य रखे गये है। उन्होंने कहा कि राज्य में नई खुलने वाली औद्योगिक इकाईयों को पर्यावरण तथा प्रदूषण संबंधी अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने में सरकार तत्परता बरतेगी। पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण पर राज्य सरकार काफी गंभीर है इसके लिए हर संभव सख्त कदम उठाये जायेंगे।

उन्होंने कहा राज्य में घोड़पड़ाश के आतंक से किसानों को बचाने के लिए सरकार ठोस कदम उठाने जा रही है। इसके स्थाई समाधान ढूंढने की दिशा में अधिकारियों से अपेक्षित उठाने हेतु कार्य योजना बनाने के निर्देश दिये गये है। पत्रकारवार्ता में उपस्थित सांसद सुशील कुमार सिंह की सलाह पर पर्यावरण एवं वन मंत्री ने कहा कि जिला मुख्यालय में अवस्थित सत्येन्द्र नारायण सिंह पार्क को विकसित कर और आकर्षक बनाया जायेगा। पार्क में जल्द म्युजिकल फाउन्टेन लगाया जायेगा।

उन्होंने कहा कि जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल उमगा में इको टूरिज्म को बढ़ावा दिया जायेगा। सांसद के आग्रह पर मंत्री ने उभगा पर्वत पर यात्री शेड एवं विवाह मंडल निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत करने का निर्देश वन प्रमंडल पदाधिकारी औरंगाबाद को दिया। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह द्वारा उमगा में रोपवे निर्माण में आ रही अड़चन को दूर करने का आग्रह किया है। उसे भी दूर किया जायेगा।

पत्रकारों द्वारा उठाये गये सवाल पर मंत्री ने कहा बारून के शेखपुरा में वन विभाग के अतिक्रमित ५५ एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जायेगा। वन विभाग की जमीन पर पार्क पौधाशाला को विकसित करने के अलावा व्यापक पैमाने पर वृक्षारोपण कराया जायेगा। श्री सिंह ने कहा जंगली हाथियों एवं जानवरों के आतंक से नागरिक को मुक्ति दिलाने के लिए हर जिलों में टेनकुलाइजर टीमों की व्यवस्था की जायेगी। हाल ही में नवादा जिले में एक हाथी द्वारा चार लोगों को कुचल कर मार देने पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो विभाग द्वारा इस पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।

श्री सिंह गया जिले के छकरबंधा में एक कार्यक्रम में जाने के दौरान रात्रि विश्राम के लिए औरंगाबाद परिसदन में रूके थे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की थी। पत्रकार वार्ता में मंत्री के साथ सांसद सुशील कुमार सिंह, विधान पार्षद राजन कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी तेजस जयसवाल, भाजपा नेता राज कुमार सिंह, मुकेश कुमार सिंह, अशोक सिंह, अश्विनी कुमार सिंह, उज्जवल कुमार सिंह, मितेन्द्र कुमार सिंह व अन्य नेतागण मौजूद थे।