पटना

कटिहार: सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर रूप से घायल


कटिहार (स.सू.)। बिहार के कटिहार जिले में हुए सड़क हादसे में छह लोगों की मौत पर पीएम नरेंद्र मोदी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने शोक प्रकट किया है। बता दें कि आज अहले सुबह कटिहार के कुर्सेला में हुई इस सड़क दुर्घटना के बाद पीएम (PM) ने लिखा है- बिहार के कटिहार में हुई एक सड़क दुर्घटना में कुछ लोगों की मृत्यु हो जाने की दुखद जानकारी मिली है। मैं उन सभी लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

दूसरी ओर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस सड़क हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। साथ ही इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों के समुचित इलाज का निर्देश भी जारी किया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कटिहार में एनएच 31 पर हुए इस सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं तीन लोग बुरी तरह से जख्मी हैं। सड़क हादसा कुर्सेला थाना क्षेत्र के एनएच 31 (NH-31) के पास हुआ। इसमें जहां 6 लोगों की जान चली गयी है। वहीं तीन लोग घायल हैं।

यह हादसा कुर्सेला थाना क्षेत्र के एनएच 31 कुर्सेला पुल पर हुई। सभी एक ही गाड़ी से फुलवरिया सिद्धि महतो की बेटी की शादी के लिए रिश्ता देखने आए थे, और वापसी में उनकी स्कार्पियो हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार 9 लोगों में से 6 की मौत हो गई। जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

कुरसेला थाना अध्यक्ष अजय अमन ने बताया कि इस सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में संतोष साह पिता रविंद्र साह घर लगमा सिंधिया थाना, नंदलाल महतो पिता शिव जी महतो घर नायक टोली रोसड़ा, राजकुमार चौधरी पिता गणेशी चौधरी घर दलसिंहसराय, शिवजी महतो पिता स्वर्गीय भूलटन महतो घर नायक डोली रोसड़ा, रामस्वरूप साव पिता बिलट साव घर पंजियार टोली वार्ड नंबर 11 रोसडा, नाथो उर्फ संजय महतो पिता स्वर्गीय धन्नु महतो घर नायक टोली रोसड़ा शामिल है। हादसे में घायल हुए 3 लोगों का इलाज जारी है।

मालूम हो कि रफ्तार की कहर ने कटिहार जिला में हुई सड़क हादसा में 2 दिन के अंदर लगभग एक दर्जन लोगों की जानें ले ली है। यह दोनों घटनाएं NH 31 पोठिया और कुर्सेला से जुड़ी हुई है।