Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कर्नाटक में जीत के बाद लोकसभा चुनाव के लिए 2018 की तरह भ्रम में है कांग्रेस बीजेपी के वरिष्ठ नेता का बयान


नई दिल्ली, । कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद गर्मागर्मी का माहौल है। अब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कर्नाटक चुनाव जीतने के बाद 2024 के आम चुनाव को लेकर कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दल उसी तरह के भ्रम में हैं जैसे 2018 में चुनाव जीतने के बाद थे।

बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने ये भी कहा कि विपक्ष भले ही एक हो लेकिन वे उससे पहले अपने मतभेद कम कर लें। उन्होंने कहा कि जितने इनके गठबंधन में छेद नहीं हैं, उससे ज्यादा तो इनमें मतभेद हैं। पहले अपने गठबंधन के छेदों को रफू करें।

10 मई को हुए कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस ने 224 में से 135 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि बीजेपी और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली जनता दल (सेक्युलर) ने 66 और 19 सीटें हासिल की थीं।

मोदी की सफलता ने कांग्रेस का गणित बिगाड़ा: नकवी

साल 2018 में कांग्रेस ने राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में चुनाव जीता था और जनता दल के साथ कर्नाटक में सरकार बनाने में पार्टी सक्षम थी। उस समय को याद करते हुए नकवी ने कहा कि कुछ लोग ‘मोदी मैजिक का अंत गिन रहे थे’, लेकिन ‘मोदी की सफलता के अंकगणित ने उनका गणित बिगाड़ दिया।”

उन्होंने कहा, “2014 में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद जनता ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 303 सीटें देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बंपर जनादेश दिया। मोदी जी ने 2014 में बीजेपी को 116 से 282 सीटों पर पहुंचाया और सत्तारूढ़ कांग्रेस को 282 से 44 सीटों पर ला दिया। ये उनके दृढ़ संकल्प का परिणाम था।”

इसके अलावा नकवी ने कहा कि मोदी जी ने कई राज्यों में चुनाव के बाद बीजेपी की सफलता सुनिश्चित की है। उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और उन्होंने विश्वास के साथ विकास के अपने मंत्र के माध्यम से सशक्तिकरण सुनिश्चित किया है।