Latest News मध्य प्रदेश

कांग्रेस के ट्विटर लॉक होने पर बोले MP के मंत्री- राहुल गांधी ने कांग्रेस का बेड़ा गर्क कर दिया


भोपाल: पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अस्थायी तौर पर निलंबित किये जाने के बाद अब ट्विटर ने कांग्रेस के कई नेताओं के अकाउंट लॉक कर दिए हैं। इसे लेकर मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने गलत काम किया है। राहुल गांधी ने अपना बचपना दिखाया इसलिए उनका अकाउंट बंद किया गया है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग ने कहा कि रेप पीड़िता और उनके परिवार की पहचान सार्वजनिक करके राहुल गांधी ने पूरी दुनिया मे भारत का नाम खराब किया है। राहुल गांधी ने किया सम्पूर्ण महिला समाज का अपमान किया। यह आपत्तिजनक ही नहीं बल्कि दुर्भाग्यपूर्ण भी है। मंत्री सारंग ने आगे कहा कि कांग्रेस में नेहरू परिवार के खिलाफ बगावत शुरू हो गई है। राहुल गांधी में न अक्ल है न राजनीतिक समझ। राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस का बेड़ा गर्क हो गया है। कांग्रेस नीति नेता और नियत विहीन पार्टी है। जी 23 की बैठक नेहरू परिवार के खिलाफ बगावत का पूर्वाभ्यास है।