News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कांग्रेस को देश बांटने की है आदत; BJP और RSS ने हमेशा ही भारत जोड़ने की बात की-गोवा के सीएम सावंत


पणजी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। सावंत ने कहा कि कांग्रेस को देश को बांटने की आदत है, लेकिन भाजपा और आरएसएस ने हमेशा ही ‘भारत जोड़ने’ की बात की है।

गोवा के सीएम सावंत ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ‘कांग्रेस को देश को बांटने की आदत है। हमारे देश के इतिहास को देखें, उन्होंने आजादी से पहले भारत को विभाजित करके पाकिस्तान बनाया था। वे आरएसएस की वर्दी जलाकर भाजपा और आरएसएस को निशाना बना रहे हैं। भाजपा और आरएसएस ने हमेशा ही ‘भारत जोड़ने’ की बात की है।’

सावंत ने कहा कि कांग्रेस लोगों को बांटकर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बहाने ‘कांग्रेस जोड़ो यात्रा’ कर रही है। वे आरएसएस की वर्दी जलाकर हीनता का माहौल पैदा कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘मैं इस कांग्रेस नीति की निंदा करता हूं।’

संघ ने भी कांग्रेस पर लगाया राजनीतिक नौटंकी का आरोप

इससे पहले दिन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव मनमोहन वैद्य ने भारत जोड़ो यात्रा पर कांग्रेस पर राजनीतिक नौटंकी का आरोप लगाया।

वैद्य ने कहा, ‘कांग्रेस नफरत और राजनीतिक हथकंडा के जरिए लोगों को जोड़ना चाहती है जो जनता को एकजुट करने के उद्देश्यों को पूरा नहीं करेगी। कांग्रेस ने आरएसएस के लिए नफरत को बरकरार रखा और इसे रोकने की कोशिश की लेकिन समाज के समर्थन से संघ के संगठन का विस्तार हुआ है।’

भारत की आध्यात्मिक पहचान को दुनिया में कहा जाता है हिंदुत्व: वैद्य

उन्होंने कहा कि अगर कोई भारत के लोगों को जोड़ने का काम करता है तो यह अच्छी बात है लेकिन आप नफरत या प्यार से कैसे जुड़ते हैं? भारत की आध्यात्मिक पहचान को दुनिया में हिंदुत्व कहा जाता है। हिंदुत्व सिर्फ एक धर्म नहीं है। अगर कोई एकजुट होने की कोशिश करता है देश उस तत्व को पहचानता है, जो लोगों को सही मायने में जोड़ता है, तो उसका स्वागत है।

बता दें कि कांग्रेस ने सोमवार को अपने ट्वीट के जरिए भाजपा-आरएसएस की खिंचाई की थी। कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर ट्विटर पर ‘खाकी’ पैंट को जलाते हुए दिखाया था।