Latest News नयी दिल्ली मध्य प्रदेश राष्ट्रीय

कांग्रेस ने MP को बीमारू राज्य बनाने का किया काम, उज्जैन में अमित शाह बोले- BJP ने कोने-कोने तक पहुंचाया विकास


 उज्जैन। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने चुनाव अभियान को तेज कर दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को उज्जैन में एक रैली को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम बाबा महाकाल को प्रणाम किया और कहा कि यहां से सीधे बाबा के दर्शन करने जाऊंगा।

उन्होंने कहा कि आप किसी को मंत्री, मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट मत दीजिए, सिर्फ यह याद रखिये कि आपका एक वोट आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश और भारत का भविष्य तय करने वाला है।

‘कांग्रेस ने मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बनाकर छोड़ा था’

अमित शाह ने कहा कि आपका एक वोट लोकतंत्र को मजबूत करने वाला वोट है। आपके सामने दो विकल्प हैं- एक है कांग्रेस पार्टी, जिसने इस मध्य प्रदेश को बंटाधार प्रदेश बनाकर छोड़ा था, जिसने इस प्रदेश को बीमारू राज्य बनाकर छोड़ा था। दूसरी ओर है प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व भाजपा, जिसने 18 साल में मध्य प्रदेश के कोने-कोने में विकास करने का काम किया है।

दिग्विजय पर जमकर बरसे शाह

उन्होंने कहा कि बंटाधार के शासन में यहां सिर्फ गड्ढे ही गड्ढे थे, जबकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाकर मध्य प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने का काम किया है। यहां विकास भाजपा की सरकार में हुआ है।

गृह मंत्री ने पूर्ववर्ती दिग्विजय सिंह सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बंटाधार की सरकार ने 60,000 किमी की रोड़ छोड़ कर गई थी। आज भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में 5,10,000 किमी रोड बनाने का काम किया।

jagran

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नौ साल में देश में भारी परिवर्तन करने का काम किया। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाने का काम किया, जबकि कांग्रेस 70 साल से इसे पाल के रखी थी। कांग्रेस कहती थी कि धारा 370 हटने पर वहां खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन आज किसी की हिम्मत नहीं की एक कंकड़ भी चला दे।

 

इस दौरान उन्होंने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वो तिथि को लेकर ताना मारते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तिथि नहीं बताएंगे। मैं राहुल बाबा को तिथि बताने आया हूं, 22 जनवरी, 2024 को प्रधानमंत्री मोदी प्राण प्रतिष्ठा में जाने वाले हैं और उसी जगह पर रामलला विराजमान होने वाले हैं।

गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज के नेतृत्व में जो मध्य प्रदेश में विकास हुआ, इसका कोई जवाब कमलनाथ और बंटाधार की टीम के पास नहीं है। गांधी परिवार, कमलनाथ-नकुलनाथ और दिग्विजय सिंह और उनके बेटे ने मध्य प्रदेश को बर्बाद करने के अलावा कोई काम नहीं किया।