News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

हरियाणा और गुजरात प्राकृतिक खेती को बनाएंगे जन आंदोलन, गुरुकुल में दोनों सीएम के बीच चली एक घंटा बैठक


कुरुक्षेत्र, । हरियाणा और गुजरात ने मिलकर प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए जो आदान-प्रदान किया है, उसे अभियान के रूप में अपनाकर जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। प्राकृतिक खेती देश के किसान के लिए जीवनदायिनी बन रही है। इससे उत्पन्न होने वाला अनाज, फल, सब्जी आदि सभी उत्पाद लोगों के लिए बहुत ही लाभकारी है। इसे लेकर दोनों प्रदेशों की सरकार बेहद गंभीर हैं।

गुरुकुल में हुई बैठक

प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए गुरुकुल कुरुक्षेत्र में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बीच बैठक हुई। करीब घंटा भर चली बैठक में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक कृषि के बारे में जानकारी दी और इसे भविष्य के लिए लाभकारी बताया।

प्राकृतिक खेती भी देखी

गुजरात के मुख्यमंत्री प्राकृतिक खेती के माडल को जानने के लिए गुरुकुल कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। उन्होंने गुरुकुल द्वारा की जा रही प्राकृतिक खेती का अवलोकन किया। दोनों मुख्यमंत्रियों की बीच करीब घंटा भर चली बैठक में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक कृषि के बारे में जानकारी दी और इसे भविष्य के लिए लाभकारी बताया। बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने प्राकृतिक खेती के माडल को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा शोध करने और इसके विस्तार को लेकर बातचीत की।

प्राकृतिक खेती के माडल को जाना

बैठक में प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाने की बात कही। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल प्राकृतिक खेती के माडल को जानने के लिए गुरुकुल कुरुक्षेत्र पहुंचे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनका गुरुकुल पहुंचने पर स्वागत किया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए और गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रदेश मंत्रियों ने गुरुकुल के प्राकृतिक कृषि फार्म का अवलोकन किया।

हरियाणा और गुजरात दोनों प्राकृतिक खेती को आगे बढ़ाएंगे

आचार्य डा. देवव्रत ने कहा कि आज खेती में रासायनिक खाद व कीटनाशक का प्रयोग ज्यादा हो रहा है। इससे जमीन की उपजाऊ शक्ति कम हो रही है। हमें प्राकृतिक खेती अपनाने की जरूरत है। प्राकृतिक कृषि फार्म का अवलोकन करने के बाद कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि हरियाणा और गुजरात ने मिलकर प्राकृतिक खेती आगे बढ़ाएंगे। इस मौके पर गुजरात के कृषि मंत्री राघव पटेल, हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा, महाराणा प्रताप बागवानी विवि करनाल के कुलपति डा. समर सिंह व डा. हरिओम मौजूद रहे।