Latest News नयी दिल्ली

कांग्रेस में फिर उठी राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग, यूथ कांग्रेस ने पारित किया प्रस्ताव


नई दिल्ली,। राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस (आइवाइसी) ने इस आशय का सोमवार को एक प्रस्ताव पारित किया। आइवाइसी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिनी बैठक के पहले दिन पारित इस प्रस्ताव के बारे में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यूथ कांग्रेस राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है और मानती है कि उनके नेतृत्व में पार्टी देशभर आगे बढ़ेगी। श्रीनिवास ने कहा, ‘देश में मौजूदा स्थिति को देखते हुए इंडियन यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने संयुक्त रूप से एक प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किए जाने की मांग की है।’

उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी और देश भर में पार्टी को सक्रिय किया जाएगा। इसके पहले कई प्रदेशों की कांग्रेस कमेटी, किसान कांग्रेस और एनएसयूआइ भी राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग वाला प्रस्ताव पारित कर चुकी है।

बता दें कि कांग्रेस पार्टी का संगठनात्मक चुनाव इस साल जून के महीने में होना है। राहुल गांधी ने 2019 के आम चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद शीर्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। चुनावों में देश भर में 543 में से कांग्रेस को केवल 52 सीटों पर ही जीत मिली थी। इसके अलावा राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के अमेठी में अपने पारंपरिक सीट पर भी भाजपा की स्मृति ईरानी से हार गए थे।