Latest News नयी दिल्ली

कारगिल, जम्मू और श्रीनगर के बीच फंसे लगभग 100 यात्रियों को पहुंचाया


  1.  केन्द्रशासित प्रदेश लद्दाख को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने पर कारगिल, श्रीनगर और जम्मू के बीच फंसे लगभग 100 यात्रियों को हवाई मार्ग से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। यह राजमार्ग हिमपात और हिमस्खलन के कारण एक जनवरी 2021 से बंद पड़ा हुआ है। हालांकि बीकन परियोजना के कर्मचारी इस महत्वपूर्ण राजमार्ग पर यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए युद्धस्तर पर सड़क से बर्फ को हटाने के लिए खासकर जोजिला दर्रे पर चौबीसों घंटे काम पर लगे हुए है।

केन्द्र शासित प्रदेश में खराब मौसम के कारण दो दिनों के लिए हवाई सेवा को रद्द करने के बाद अधिकारियों ने कल मौसम में सुधार के बाद यात्रियों के लिए एएन 32 करगिल कूरियर सेवा का संचालन कर लगभग 100 यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

करगिल कूरियर सेवा के मुख्य समन्वयक इंजीनियर आमिर अली ने कहा कि 17 यात्रियों को करगिल से श्रीनगर ले जाया गया, जबकि 39 को श्रीनगर से कारगिल लाया गया है। इसी प्रकार जम्मू से करगिल के लिए 36 और करगिल से जम्मू के लिए सात, करगिल से चंडीगढ़ के लिए एक यात्री को एएन32 करगिल कूरियर सेवा से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।