पटना

कार्यकर्ताओं के योगदान से भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी : तारकिशोर


      • भाजपा ने पार्टी मुख्यालय में मनाया 41 वां स्थापना दिवस
      • मोदी, रेणु, मंगल, संजीव, दुर्गेश, लाजवंती और जनक राम का हुआ जुटान

पटना (आससे)। पार्टी की स्थापना में जिन मनीषियों ने अपना योगदान दिया, उसी का परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी। ये बातें मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहीं। वे पार्टी के ४१वें स्थापना दिवस समारोह में कार्यकर्ताओं के बीच बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा के स्थापनाकाल से ही नेताओं-कार्यकर्ता हमेशा गांव-गरीब, किसान-मजदूर और महिलाओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचा कर समाधान करने में लगे रहते हैं। बीजेपी अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा जेसे विधाल वअ वृक्ष को खड़ा करने में पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे देव तुल्य कार्यकर्ताओं को मेरा सादर अभिनंदन।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने कहा था- अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। इसकी परिकल्पना करने वाले कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी आज इस मुकाम पर पहुंची है। ४१वें स्थापना दिवस पर भाजपा मुख्यालय सहित सभी जिलों और सभी बूथों पर भाजपा का ध्वज लहराया गया।

यही नहीं, पार्टी ने इस मौके पर जनसंघ-भाजपा काल के कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया। इस मौके पर पार्टी मुख्यालय को रंग-बिरंगे बल्बों से सजाया गया और कार्यालय में रंगोली भी बनायी गयी। कार्यकर्ताओं ने वाजपेयी सभागार में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पीएम नरेन्द्र मोदी का संबोधन भी सुना।

इस मौके पर सांसद सुशील मोदी, डिप्टी सीएम रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, अमरेन्द्र प्रताप सिंह, जनकराम, जीवेश कुमार, सुरेश रुंगटा, संजीव चौरसिया, सजल झा, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, मनोज शर्मा, राकेश सिंह, अशोक भट्टï, राजेश झा, सत्यपाल नरेत्तम, राजीव रंजन, पंकज सिंह, भाजयूमो अध्यक्ष दुर्गेश सिंह, अजीत चौधरी, लाजवंती झा और मौलाना तुफैल कादरी सहित सैकड़ों नेता-कार्यकर्ता उपस्थित थे।