Latest News TOP STORIES राष्ट्रीय

किसानोंके समर्थनमें सड़क पर उतरे राहुल-प्रियंका


राजभवनका घेराव, उपराज्यपालको सौंपा ज्ञापन
नयी दिल्ली (आससे.)। केंद्र सरकार और किसानों के बीच गतिरोध को तोडऩे के लिये आज जहां 9वें दौर की बैठक हो रही थी, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उपराज्यपाल के आवास का घेराव करके किसानों के प्रति एकजुटता का प्रदर्शन किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने जंतर मंतर पहुंचकर किसानों के समर्थन में धरने पर बैठे पार्टी के सांसदों से मुलाकात की। राहुल गांधी ने कहा है कि मोदी सरकार ने जब किसानों की जमीन छीनने की कोशिश की थी तब हमने उन्हें रोका था। मोदी सरकार एक बार फिर से किसानों पर आक्रमण कर रही है। कांग्रेस की तरफ से आज पूरे देश में किसान अधिकार दिवस के तहत राज निवासों का घेराव करके कृषि कानूनों के खिलाफ ज्ञापन सौंपा गया। दिल्ली में राहुल और प्रियंका के नेतृत्व में इसका आयोजन हुआ। राज निवास के बाहर प्रदर्शन की अगुवाई करते हुये राहुल ने कहा कि भाजपा सरकार को कृषि कानूनों को वापस लेना ही होगा। जबतक ये कानून निरस्त नहीं होंगे, तबतक कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि ये कानून किसानों के मदद के लिये नहीं हैं, बल्कि उन्हें खत्म करने के लिये हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने पहले भी भूमि अधिग्रहण कानून लाकर किसानों की जमीन छीनने की कोशिश की थी और उस समय कांग्रेस पार्टी ने उन्हें रोका था। अब भाजपा और उसके दो तिहाई दोस्त एक बार फिर किसानों को निशाना बना रहे हैं और इन तीन कृषि कानूनों को लेकर आये हैं। राजनिवास की तरफ मार्च से पहले राहुल गांधी ने एक ट्वीट में कहा कि देश के अन्नदाता अपने अधिकार के लिये अहंकारी मोदी सरकार के खिलाफ सत्याग्रह कर रहे हैं। आज पूरा भारत किसानों पर अत्याचार व पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरुद्ध आवाज बुलंद कर रहा है। राजभवन मार्च के बाद राहुल और प्रियंका जंतर मंतर पहुंचकर पार्टी के पंजाब से जुड़े सांसदों द्वारा दिये जा रहे धरने पर कुछ देर बैठे।