Latest News TOP STORIES राष्ट्रीय

देशभरमें टीकाकरण अभियान आजसे


पहले चरणमें तीन लाख स्वास्थ्य कर्मियोंको लगेगा टीका
नयी दिल्ली (आससे.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को देश में कोरोना टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। यह विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान होगा। इसके तहत पहले दिन देश के तीन लाख स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जायेगा। मिली जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े जिन लाभार्थियों को शनिवार को टीका लगाया जाना है, उन्हें आज आवंटित स्थल और समय की जानकारी के साथ एक संदेश भेज दिया गया है। पहले दिन देश में प्रत्येक जगह टीका लगाये जाने वाले लोगों की औसत संख्या 100 होगी। बाद में इसे धीरे-धीरे बढ़ाया जायेगा। शुरुआती तौर पर टीके की 1.65 करोड़ खुराक देश के विभिन्न हिस्सों में भेज दी गयी है। शनिवार को शुरू होने वाले राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के लिये 3006 टीकाकरण स्थल स्थापित किये गये हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस अवसर पर टीकाकरण के लाभार्थियों को संबोधित भी करेंगे। टीकाकरण की शुरुआत उनके संबोधन से होगी। दिल्ली में लगभग 8100 फ्रंटलाइन चिकित्साकर्मियों को यह टीका लगाया जायेगा। इसके लिये 175 केंद्र बनाये गये हैं। बाद में 1 हजार तक इसे बढ़ाया जायेगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लोकनायक अस्पताल में टीकाकरण अभियान को देखेंगे। दिल्ली को कोविशील्ड की 2 लाख 74 हजार 500 और को-वैक्सीन की 20 हजार डोज मिली है। प्रत्येक कार्यकत्र्ता को दो डोज लगेगी। मालूम हो कि अबतक 2 लाख 40 हजार स्वास्थ्यकर्मी टीकाकरण के लिये पंजीकरण करवा चुके हैं। जिन लोगों को पहले सप्ताह में वैक्सीन लगायी जायेगी, वे दूसरी खुराक के लिये पात्र होंगे। दिल्ली में 81 टीकाकरण केंद्रों में से 75 कोविडशील्ड के लिये बनाये गये हैं, बाकी 6 को-वैक्सीन के लिये हैं।