Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

किसानों से किए गए वादे पूरा न करने पर खरगे ने मोदी सरकार पर साधा निशाना,


नई दिल्ली, । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को किसानों से किए गए वादे को पूरा न करने को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), मुआवजे और कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में शामिल होने वाले किसानों के खिलाफ मामलों को वापस लेने संबंधी अपने वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा के शनिवार को एक साल पूरा होने पर कांग्रेस ने किसानों के साथ एकजुटता प्रकट की थी।

अभी तक नहीं मिला किसानों को मुआवजा

खरगे ने ट्वीट कर कहा कि किसानों को गाड़ी के नीचे कुचलवाने वाली मोदी सरकार ने किसानों को लागत प्लस 50 प्रतिशत न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं दिया। बलिदान 733 किसानों को मुआवजा भी नहीं दिया और उनके खिलाफ मामला भी वापस नहीं लिया।

पिछले साल मनाया गया था किसान विजय दिवस

उन्होंने कहा कि इन्हीं आश्वासन पर पिछले साल किसानों ने आज ही के दिन किसान विजय दिवस मनाया था। खरगे ने कृषि कानूनों के विरोध का एक वीडियो भी साझा किया। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आंदोलन के दौरान शहीद हुए 700 से अधिक किसानों को शनिवार को श्रद्धांजलि दी थी।

पार्टी कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सोमवार को 24 अकबर रोड स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। वह सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान वह पार्टी के कार्यकर्ताओं की समस्याएं और उनकी शिकायतों को सुनेंगे। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं वहीं AICC प्रमुख खरगे ने दिल्ली में रहने और पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिलकर उनके मुद्दों को सुनने का फैसला किया है।