Latest News पंजाब

कृषि कानूनों का विरोध करने वाले किसानों की जीत शीर्ष प्राथमिकता: नवजोत सिंह सिद्धू


  • चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने शनिवार को कहा कि उनके लिए संयुक्त किसान मोर्चा की ”जीत” शीर्ष प्राथमिकता है और केंद्र के कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान जहां भी उन्हें बुलाएंगे, उनसे मिलने वह ”नंगे पांव” जाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठनों का संघ है। किसान पिछले वर्ष नवंबर से ही कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

नवजोत सिंह सिद्धू ने चमकौर साहिब में संवाददाताओं से कहा, ”मैं संयुक्त किसान मोर्चा की जीत को शीर्ष प्राथमिकता मानता हूं। मैं पिछले एक वर्ष से किसान आंदोलन को पवित्र बताता रहा हूं।” राज्य कांग्रेस प्रमुख बनने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका यहां जोरदार स्वागत किया। चमकौर साहिब पंजाब के मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का विधानसभा क्षेत्र है। पार्टी समर्थकों ने सिद्धू के काफिले पर फूल बरसाए। क्रिकेट खिलाड़ी से नेता बने सिद्धू ने कई धार्मिक स्थलों का भी दौरा किया।