News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने दिए पंजाब भाजपा में बड़े बदलाव के संकेत, कहा- राज्‍य में 2027 में बनाएंगे सरकार


चंडीगढ़। Punjab BJP: केंद्रीय जल शक्ति मंत्री व पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र शेखावत ने दावा किया है कि 2024 के लोक सभा चुनाव से ही पंजाब में भाजपा की सरकार बनने की राह बनेगी। उन्होंने कहा कि 2027 में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। इसके साथ ही उन्‍होंने पंजाब भाजपा में बड़े बदालव के संकेत दिए। 

कहा- 2024 के लोकसभा चुनाव से पंजाब में भाजपा के लिए राह बनेगी सुगम 

श्री आनंदपुर साहिब लोक सभा सीट पर प्रवास के लिए आए केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों के साथ बातचीत में पार्टी की की आगे की राह के संकेत दिए। उन्होंने इस बात की भी पुष्टि की कि जल्द ही पंजाब भाजपा में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

बोले- आप सरकार के हनीमून पीरियड खत्म होने से पहले गांवों में लगने लगे ‘नो एंट्री’ को बोर्ड

भाजपा नेता शेखावत ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार को एक केस स्टडी रूप में लेना चाहिए। क्योंकि,  इनके हनीमून पीरियड खत्म होने से पहले ही गांवों में नो एंट्री को बोर्ड लगने लगे है। जिस पंजाब में लोगों ने 117 में से 92 सीटों जिताकर आप की सरकार बनाई, वहीं सरकार तीन माह में ही लोक सभा का उपचुनाव हार जाती है। वो भी वह सीट जिसे खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खाली की।

शेखावत ने कहा- आप सरकार की विफलता से भाजपा की उम्‍मीदें प्रबल हुईं

उन्होंने कहा कि आप सरकार की विफलताओं से भाजपा की उम्मीदें और अधिक प्रबल होती जा रही है। आप ने चुनाव में तो तारे तोड़ कर लाने के वायदे किए थे, जिससे अब वह भागती नजर आ रही है और लोगों का मोह आप सरकार से भंग हो रहा है।

गुजरात के बाद हिमाचल प्रदेश में भी आम आदमी पार्टी द्वारा महिलाओं को 1000 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह समय निकल गया जब राजनीतिक पार्टियां इस तरह के सब्जबाग दिखाकर लोगों को गुमराह कर लेते थे। आज के युग में ऐसे झूठ कामयाब नहीं हो सकते। वहीं, चुनाव में ‘मुफ्त रेवड़ियों’ को लेकर शेखावत ने कहा कि यही कारण है कि आज पंजाब पूरे देश में सबसे ज्यादा कर्ज वाले राज्य की सूची में शामिल हो गया है।

कहा- पंजाब में भाजपा का बढ़ रहा है जनाधार

एक सवाल के जवाब में शेखावत ने कहा कि 2021 में जब किसान आंदोलन के कारण भाजपा के नेता घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे थे और अकाली दल से गठबंधन टूटने के बाद भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला लिया तो सवाल उठ रहे थे कि क्या भाजपा को उम्मीदवार मिलेंगे। भाजपा ने 2022 का चुनाव लड़ा और उसके वोटों का आधार भी बढ़ा। परिणाम भले ही कुछ भी हो लेकिन भाजपा ने पूरी ईमानदारी से चुनाव लड़ा। संगरूर उप चुनाव में भी भाजपा को गांव-गांव से वोट पड़ी। भाजपा का जनाधार बढ़ रहा है।

शेखावत ने कहा कि पंजाब में भाजपा के संगठन में बड़ा बदलाव देखने को जल्द ही मिलेगा। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि प्रदेश प्रधान को भी बदला जाएगा या केवल संगठन के नेताओं को ही। शिरोमणि अकाली दल द्वारा बंदी सिखों का मुद्दा उठाए जाने के संबंध में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा, एक बंदी सिख की फाइल अरविंद केजरीवाल के पास है और एक का मामला कर्नाटक के कोर्ट में पैंडिंग है। इसके अतिरिक्त बंदी सिखों की बात ही होती है लेकिन अभी तक किसी ने भी बंदी सिखों की लिस्ट नहीं दी है।

तरनतारन में मतांतरण को लेकर हुए विवाद के संबंध में शेखावत ने कहा कि पंजाब वह धरती है जहां पर धर्म की ध्वजा के लिए पीढ़ियों को भी कुर्बान कर दिया गया लेकिन धर्म की ध्वजा को कभी भी नीचे नहीं झुकने दिया गया। ऐसी धरती पर मतांतरण को रोकना या उस पर कार्रवाई करना राज्य सरकार का जिम्मा है।