Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय स्वास्थ्य

केंद्र ने राज्यों को अब तक दी साढ़े 30 करोड़ से अधिक वैक्सीन, अभी भी बची है 1.5 करोड़ से ज्यादा डोज


  1. नई दिल्ली, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक साढ़े 30 करोड़ से अधिक वैक्सीन खुराक प्रदान की गई हैं। केंद्र ने कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 1.50 करोड़ से अधिक शेष और अप्रयुक्त कोरोना वैक्सीन डोज अभी भी उपलब्ध हैं।मंत्रालय ने कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम के नए संशोधित दिशानिर्देश लागू होने के पहले 72 घंटों में दो करोड़ से अधिक वैक्सीन खुराक दी गई। भारत सरकार और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के माध्यम से अब तक केंद्र राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों को साढ़े 30 करोड़ (30,54,32,450) से अधिक वैक्सीन डोज दे चुका है।

मंत्रालय ने कहा कि इसमें से अपव्यय सहित कुल खपत 29,04,04,264 खुराक (गुरुवार को सुबह 8 बजे उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार) है। 1.50 करोड़ से अधिक (1,50,28,186) शेष और अप्रयुक्त कोरोना वैक्सीन डोज अभी भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास उपलब्ध हैं जिनका इस्तेमाल किया जाना चाहिए। मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा, 47,00,000 से अधिक वैक्सीन डोज रास्ते में हैं और वे अगले तीन दिन में उन्हें मिल जाएंगी। केंद्र सरकार पूरे देश में कोरोना टीकाकरण की गति तेज करने और इसके दायरे का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। कोरोना टीकाकरण का नया चरण 21 जून से शुरू हुआ है।