Latest News नयी दिल्ली महाराष्ट्र

कोरोना वायरस: अपने लेटर पर स्वास्थ्य मंत्री के जवाब से भड़कीं प्रियंका चतुर्वेदी, बताया- दुखद और बकवास


मुंबई। शिवसेना की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर लिखे गए पत्र के जवाब में कही गई केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन की बातों पर कड़ा एतराज जताया है। प्रियंका ने कहा है कि उन्होंने जो बातें स्वास्थ्य मंत्री को लिखी थीं, उन पर डॉ हर्षवर्धन की ओर से गंभीरता दिखाने और बेहतर जवाब की उम्मीद उन्हें थी। इसके उलट जो जवाब आया है वो ना सिर्फ दुखद है बल्कि अवैज्ञानिक और कोरी बकवास है। प्रियंका ने कहा है कि डॉ हर्षवर्धन को ये समझना चाहिए कि मंत्री के तौर पर उनसे कोई मांग होती है तो वो मंत्री के तौर पर जवाब दें ना कि एक राजनीतिक पार्टी के नेता की हैसियत से सामने वाले पर ही आरोप लगा दें।

क्या लिखा था प्रियंका ने

शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को पत्र लिखकर 18 साल से ज्यादा के सभी लोगों को वैक्सीन दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन हर भारतीय का बुनियादी अधिकार है। खासतौर पर उन लोगों के लिए जो काम करते हैं और घर में रहने के लिए मजबूर हैं। वह संक्रमित हो गए तो अनजाने में उनके परिवार के दूसरे लोगों पर भी संक्रमण फैल सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार महाराष्ट्र को और अधिक वैक्सीन मुहैया कराए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र टीकों की कमी का सामना कर रहा है, ऐसे में टीकाकरण अभियान को रफ्तार देने के लिए और ज्यादा वैक्सीन की जरूरत है।

डॉ हर्षवर्धन ने क्या दिया जवाब

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र और कुछ राज्य पात्र लाभार्थियों को टीका लगाए बिना सभी के लिए टीकों की मांग कर रहे हैं। ऐसा कर वो लोगों में दहशत फैलाने और अपनी कमी को छुपाने की कोशश कर रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार की टीकों की मांग को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में पर्याप्त जांच नहीं हो रही हैं। यह अजीब है कि महाराष्ट्र सरकार निजी वसूली की खातिर लोगों को संस्थागत पृथकवास की अनिवार्यता से छूट देकर महाराष्ट्र को खतरे में डाल रही है। उनको राजनीति करने की बजाय कोरोना पर ध्यान देना चहिए।

स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की ओर से इस तरह की कड़ी टिप्पणी होने और महाराष्ट्र सरकार पर कई आरोप लगाने के बाद अब प्रियंका ने इसका जवाब दिया है। एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने डॉ हर्षवर्धन के बयान की काफी कड़े शब्दों में आलोचना की है।