पटना

खगड़िया: मत्स्य जीवी सहयोग समिति के मंत्री अशोक सहनी की अपहरण के बाद हत्या


खगड़िया (आससे)। खगड़िया से अगवा मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदर प्रखंड मंत्री अशोक सहनी उर्फ मुन्ना सहनी की हत्या कर दी गई है। मुफास्सिल थाना के सोराडीह गांव के पास उनकी लाश मिलते ही सनसनी फैल गई। उनके सिर में जख्म के निशान मिले हैं। परिवार ने पहले ही चुनावी रंजिश में अगवा करने और हत्या की आशंका जताई थी।

इससे पहले जिला मत्स्यजीवी सहयोग समिति के मंत्री अशोक सहनी को खगड़िया-बखरी पथ के कोठिया ढाला के पास से रविवार की शाम अगवा कर लिया गया था। घटनास्थल से उनकी बाइक बरामद हुई थी। अपहरण की सूचना मिलने के बाद एसपी अमितेश कुमार के आदेश पर सभी थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में अपहृत की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही थी।

कोठिया के पास खगड़िया-बखरी सड़क किनारे लावारिस हालत में बाइक होने की सूचना मिली थी। मुफस्सिल पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो पता चला कि बाइक मत्स्य जीवी सहयोग समिति के मंत्री अशोक सहनी की है। इसके बाद पुलिस मामले के पड़ताल में जुट गई।

इस बात की जानकारी जब परिवार वालों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। अशोक की मां उमा देवी बदहवास होकर पहले नगर थाना गईं। उसके बाद मुफस्सिल थाना पहुंचीं। वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारियों से उन्होंने बेटे को खोजने की गुहार लगाई थी।