पटना

गया: चंदौती थाना के एसपीओ की गला रेतकर हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस


गया। चंदौती थाना अंतर्गत चन्ना चमंडी मोड़ के समीप अहले सुबह अर्धनिर्मित नाले से एक युवक (35 वर्ष) के शव को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने बरामद किया। शव मिलने साथ ही पूरे इलाक़े में सनसनी फ़ैल गई। युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर कर दी गयी थी। मृतक की पहचान थाना अंतर्गत चिरैयाटांड़ ग्राम निवासी स्व. रतन पासवान के बेटे संजय पासवान के रूप में की गई है।

ज्ञात हो कि रत्न पासवान चंदौती थाना में चौकीदार थे और वर्ष 2002 में किसी बिमारी के कारण उनकी मौत हो गई थी। तबसे अब तक मृतक संजय पासवान थाना के लिए एसपीओ का काम करता था और सक्रिय था। हत्या की घटना को अपराधियों द्वारा धारदार हथियार से गला रेतकर अंजाम दिया गया है और हाथ पैर बांधकर शव को बोरे में डाल सड़क किनारे अर्धनिमर्मित नाले की पांच फ़ीट गहराई में फेंक दिया गया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही सदलबल चंदौती थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह घटना स्थल पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कालेज सह अस्पताल को भेज दिया। इधर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों में मातम पसरा है। बच्चे और पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।

चंदौती थानाध्यक्ष मोहन कुमार सिंहने घटनाकी पुष्टिकी है। उन्होंने बताया संजय पासवान की गला रेत कर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना में संलिप्त अपराधियों की पहचान की जा रही है। इसके पीछे कौन लोग हैं इसका पता लगाया जा रहा है। जल्द ही सारे संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की लगातार छापेमारी हो रही है। मृतक के पूरे गांव में मातम पसरा है।

ग़ौरतलब है कि बीते वर्ष 2018 से चंदौती थाना का एसपीओ चंदन कुमार लापता हैं। उसका कोई सुराग अभी तक पुलिस को नहीं लग सका है। उसका अपहरण कर हत्या की आशंका को लेकर चंदन के परिजनों द्वारा केस दर्ज कराया गया था। जिसमें स्थानीय पुलिस को किसी प्रकार का सुराग अब तक नहीं मिल सका है। थाना के एसपीओ के साथ इस तरहकी दूसरी घटना है।