पटना

गया: शहर में आक्सीजन के लिए मचा हाहाकार, दुकानों में लगी लंबी कतार


गया। दूसरी लहर में भयावह रूप ले चुके कोरोना से संक्रमित लोगों को बचाने के लिए एक-एक सांस का संघर्ष चल रहा है। राज्य सरकार दवा और आक्सीजन की आपूर्ति सामान्य होने का दावा कर रही है, लेकिन हालात कुछ और है जिसका दुष्परिणाम है कि आक्सीजन के अभाव में लोग दम तोड़ते दिख रहे हैं। शहर में हालात चिंताजनक है सांसो के संकट को अवसर मान आक्सीजन के धड़ल्ले से कालाबाजारी की भी शिकायतें आ रही है।

आक्सीजन विक्रेता की दुकानों पर आक्सीजन सिलेंडर लेने के लिए लोग आशा देखते हैं। निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज हेतु आक्सीजन के लिए उनके परिजन खुद ठेला, रिक्शा, बाइक, कार पर ढोकर ले जा रहे हैं। शहर के शहीद रोड स्थित एक आक्सीजन सप्लायर दुकान में प्रशासन की निगरानी में लोगों को आक्सीजन सिलेंडर वितरण किया गया। जिसको लेकर लोगों की लंबी कतारें देखी गई। मरीजके परिजन हाथों में आक्सीजन लेकर दुकान के पास जमे हुए थे।

मौके पर उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि सिविल सर्जन के आदेशानुसार लोगों को  पूर्व निर्धारित राशि के अनुसार आक्सीजन सिलेंडर दिया जा रहा है। छोटी सिलेंडरों में 150 से 200 प्रति सिलेंडर दिया जा रहा है। आक्सीजन आपूर्तिकर्ता के दुकानों पर अहले सुबहसे देर रात तक लोगों की हुजूम रहती है। सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्था और समाजसेवी अपने स्तर से मानव सेवा को सर्वोपरि मानकर आक्सीजन सिलेंडर की निःशुल्क व्यवस्था कर रहे है। जिसका लाभ मरीजों को मिल रहा है।