पटना

गया: समाज के हर वर्ग के लोगों की प्रतिभा का करें सम्मान : विस अध्यक्ष


स्वामी सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा का किया अनावरण

टिकारी (गया)(आससे)। सत्ता की लोलुपता के लिए हमने समाज के ताने बाने को को खो दिया। क्या खोया क्या पाया इसका विश्लेषण तो आने वाली पीढ़ी करेगी लेकिन उसे उपहार स्वरूप हम क्या देंगें विचार करना होना। स्वामी सहजानंद सरस्वती की 132वीं जयंती पर प्रखंड के भोरी गांव में स्थित पुस्तकालय परिसर के समीप स्वामी सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा अनावरण करने उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उक्त बातें बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कही।

विधान सभा अध्यक्ष श्री सिन्हाने कहा कि ईर्ष्या, द्वेष, कलह, नफरत, वैमनस्यता, आपसी भेद भाव समाज के लिए अभिशाप स्वरूप हैं उसे मिटा कर ही एक आदर्श समाज की रचना सम्भव है। स्वामी महात्मा की कोई जाति नहीं होती उनका अवतरण तो समस्त मानव जाति के कल्याण के लिए होता है। लेकिन आज हमारी समस्या नफरत, ईर्ष्या द्वेष के कारण बढ़ती चली जा रही। क्यों न हम आप बिहार के उस गौरवशाली इतिहास को फिर से हासिल करने के लिए अपने कदमों को आगे बढ़ाते हुए एक नए माहौल के सृजन में लग जाएं। अन्यायी, अत्याचारियों से समाज को मुक्ति दिलाने के लिए जब तक हम अपनी जिम्मेवारी तय नहीं करते समाजका कल्याण संभव नहीं।

उन्हेांने कहा समाज के हर वर्ग के लोगों की प्रतिभा का सम्मान करने की हमे आदत डालनी होगी। प्रतिभा का सम्मान राष्ट्र का सम्मान माना गया है। आज जरूरत है स्वामी सहजानंद सरस्वती के त्याग, तपस्या, बलिदान और वसुधैव कुटुंबकम् की भावना से आत्म सात करते हुए उनके बताएं मार्ग पर चलने की।

प्रतिमा अनावरण समारोह को बिहार सरकार के श्रम मंत्री जिवेश मिश्रा, पूर्व मंत्री सह वर्तमान हम पार्टी के क्षेत्रीय विधायक डा॰ अनिल कुमार, पूर्व विधायक डा॰ रणविजय सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार सिन्हा, भारत के पूर्व राजदूत राजनीतिक सलाहकार डा॰ कैलाश झा, डा॰ बी डी शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष धनराज शर्मा, भाजपा नेता रूपेश वर्मा, जदयू नेता अरविंद कुमार वर्मा, मुखिया जगन्नाथ शर्मा,जिला परिषद प्रतिनिधि पिंक राज चक्रवर्ती, मुखिया जितेंद्र कुमार, बिनोद शर्मा सहित कई नेताओं ने संबोधित करते हुए स्वामी जी की जीवनी राष्ट्र के प्रति उनके योगदान एवं किसानों के प्रणेता के रूप में उनके त्याग, बलिदान और तपस्या पर विस्तारसे प्रकाश डाला।

इसके पूर्व नव निर्मित किसान आश्रम में स्वामी सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण विधान सभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, मंत्री जीवेश मिश्रा, पूर्व मंत्री सह क्षेत्रीय विधायक डा॰ अनिल कुमार, मगध इंटरनेशनल स्कूल के निर्देशक सुधीर कुमार, पिंक राज चक्रवर्ती ने संयुक्त रूप से स्वामी जी की पूजा अर्चना के उपरांत दीप प्रज्वलित कर किया। स्वामी सहजानंद विचार मंच की ओर से संयोजक सुनील कुमार शर्मा के द्वारा दस सूत्रीय मांगों का ज्ञापन विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा गया। समारोह का संचालन ओम प्रकाश शर्मा ने किया।