Latest News TOP STORIES खेल राष्ट्रीय

गांगुलीके सीनेमें फिर से दर्द


अस्पतालमें भर्ती
नयी दिल्ली (एजेन्सियां)। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली की तबीयत बुधवार को एक बार फिर बिगड़ गई। उन्होंने सीने में फिर से दर्द की शिकायत की। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। ग्रीन कोरिडोर बनाकर सौरव गांगुली को उनके बेहला स्थित आवास से अपोलो अस्पताल ले जाया जा गया। अपोलो अस्पताल में भारत के पूर्व कप्तान को डॉ. आफताब खान की निगरानी में भर्ती किया गया। गांगुली के इलाज के लिए तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है जिसमें डॉ आफताब खान, डॉ सप्तर्षि बसु और डॉ सरोज मंडल शामिल हैं। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद कहा कि २८ जनवरी को गांगुली का एंजियोग्राम यानी खून की धमनियों का एक्सरे किया जाएगा। उनके इको टेस्ट में कुछ समस्या सामने आई है। अस्पताल में सौरव गांगुली की पहले ईसीजी की गई। उनके खून के सैंपल भी लिए गए हैं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या एक आर्टरी में स्टेन लगाने के बाद उसमें कोई गड़बड़ी तो नहीं हुई है। गांगुली की एंजियोप्लास्टी भी की जाएगी। इसके तहत दो स्टेन लगाए जाएंगे। हालांकि अभी यह तय नहीं हो पाया है कि एंजियोप्लास्टी आज होगी या कल। सौरव गांगुली के परिवार के सूत्रों का कहना है कि सौरव मंगलवार रात से ही हल्के दर्द की शिकायत रहे थे। बुधवार सुबह उनके डॉक्टरों से संपर्क किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी थी। बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत जगमोहन डालमिया की बेटी और एमएलए वैशाली डालमिया गांगुली से मिलने अस्तपाल पहुंची हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कैलाश विजयवर्गीय को फोन करके सौरव गांगुली के स्वास्थ्य की जानकारी ली है। डॉकैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि अमित शाह खुद सौरव गांगुली की चिकित्सा पर नजर रख रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि वह खुद डॉक्टरों से बात करेंगे। जरूरत पड़ी तो मुंबई ले जाने की व्यवस्था कर सकते हैं। अमित शाह का कार्यालय अस्पताल से संपर्क में है। अगर सौरव मुंबई जाना चाहे तो उनके लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी जाएगी। गांगुली को शनिवार दो जनवरी को अपने घर के जिम में हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद पता चला था कि गांगुली को ट्रिपल वेसल डिजीज है। अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने उनकी एंजियोप्लास्टी कर एक आर्टरी में हुए ब्लॉकेज को हटाकर स्टेन्ट लगाया था।