पटना

जहानाबाद: जिले में हो रहा बेहतर कार्य, मेहनत कर रहे हैं अधिकारी व कर्मी : जिलाधिकारी


72वें गणतंत्र दिवस पर गांधी मैदान में डीएम ने किया झंडोत्तोलन

जहानाबाद। जिले में 72वें गणतंत्र दिवस पर शान से तिरंगा लहराया गया। शहर से लेकर गांव तक सरकारी-गैर सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान, राजनीतिक दल और सामाजिक संगठनों ने ध्वजारोहन किया गया। मुख्य समारोह समाहरणालय मैदान में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी नवीन कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात झंडोतोलन किया।

इस अवसर पर गांधी मैदान में आकर्षक परेड और राष्ट्रगान का आयोजन भी किया गया। डीएम ने संबोधन में गत वर्ष में जिले के विभिन्न विभागों की उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जिले का सतत विकास हो रहा है। सरकार की सात निश्चय योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत व कृषि के क्षेत्र में बेहतर काम हुए हैं। सरकार प्रायोजित योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंच रहा है।

कोविंड-19 की वैश्विक महामारी के बावजूद जिले में विकास योजनाओं का तेजी से कार्यान्वयन हुआ है। डीएम ने कहा कि जिले के तमाम अधिकारी और कर्मचारी अपने क्षेत्र में ईमानदारी से मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत प्राकृतिक परिस्थितियों में भी हमारे प्रशासनिक पदाधिकारियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।

वहीं सम्बोधन के बाद डीएम ने कोविड-19 संक्रमण में निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा, जांच और इलाज करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सात निश्चय योजना में सराहनीय कार्य करने के लिए एवं जिले को लगातार प्रथम स्थान दिलाने के लिए उप विकास आयुक्त को पुरस्कृत किया गया।

साथ ही राजस्व कार्यो में जिले को प्रथम स्थान दिलाने के लिए अपर समाहर्ता अरविंद मंडल को भी जिला पदाधिकारी के द्वारा पुरस्कृत किया गया। मौके पर कोरोना काल में कार्य करते हुए खुद संक्रमित हुए पूर्व अपर उपाधीक्षक स्व. डॉक्टर अजय कुमार श्रीवास्तव को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई और जिला पदाधिकारी द्वारा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनके सुपुत्र को स्मृति चिन्ह सह प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।