पटना

जहानाबाद: स्वस्थ व सुरक्षित मातृत्व परिवार की नींव है : जिलाधिकारी


परिवार नियोजन जागरूकता को लेकर रथों को किया गया रवाना

जहानाबाद। मिशन परिवार विकास अभियान के तहत परिवार नियोजन के प्रति जन जागरूकता के उद्देश्य से जिलाधिकारी आवास से 14 रथों को डीएम नवीन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि परिवार नियोजन की जरूरत के प्रति दंपतियों को जागरूक किया जा रहा है।

जागरूकता रथ परिवार नियोजन के जनसंदेश को लेकर लोगों के बीच जायेंगे। ये अभियान जनवरी से मार्च 2021 तक चलाया जाएगा। अभियान के केंद्र में नवविवाहित तथा एक संतान वाले दंपति विशेष रूप से शामिल हैं। सभी प्रखंडों के ग्रामीण इलाकों में 02 जागरूकता रथ को रवाना किया गया है। आरोग्य दिवस पर भी लोगों को परिवार नियोजन की जानकारी मिलेगी।

उन्होंने कहा परिवार नियोजन कर गुणवत्तापूर्ण जीवन के साथ अपने संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जाना जरूरी है। उन्होंने अपील किया कि आमजन परिवार नियोजन से संबंधित तथ्यात्मक बातों को जानकर इससे जुड़ी भ्रांतियां व अवधारणायों को दूर करें। उन्होंने कहा नवदंपति को जानना जरूरी है कि दो संतानों के बीच तीन साल का अंतराल क्यों आवश्यक है। इसकी जानकारी हर दंपति को होनी चाहिए, क्योंकि स्वस्थ व सुरक्षित मातृत्व परिवार की नींव है।

वहीं सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार ने कहा सबसे पहले परिवार नियोजन की समझ को बढ़ाना आवश्यक है। इसके बाद आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों के इस्तेमाल की जानकारी महत्वपूर्ण होती है। परिवार नियोजन से माता व बच्चे अधिाक स्वस्थ होते हैं क्योंकि इससे जोखिम वाले गर्भों की रोकथाम की जा सकती है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त मुकुल कुमार गुप्ता, डीपीएम अनवर आलम, केयर इंडिया के टीम लीडर नीरज सिन्हा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।