वाराणसी

गांव, गरीब, किसान संकट में-अखिलेश यादव


पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया पहुंचे वाराणसी, संकटमोचन दरबार में दी हाजिरी, केंद्र-राज्य सरकार पर बरसे

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। वह विमान से सीधे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। सायंकाल वह संकटमोचन मंदिर गये और यहां दर्शन-पूजन के बाद महंत से भी आशीर्वाद लिया। बातचीत के दौरान वह केंद्र  और राज्य सरकार पर जमकर बरसे। कहा कि भाजपा गांव, गरीब, किसान और अच्छे दिन का वादा करके सत्ता में आई थी। लेकिन स्थिति यह हो गई है कि केंद्र और राज्य सरकारें अपने संकल्पों को भूल गई हैं। मैली गंगा, पेट्रो पदार्थों की बढ़ती कीमतें, किसान विरोधी कानून, महंगाई, स्मार्ट सिटी के नाम पर हीलाहवाली और निजीकरण इस सरकार में हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को बहुमत इस लिए दिया था कि वो अपने संकल्प पत्र पर काम करेंगे। जनता के बीच आकर वो संकल्प पत्र को भूल गए हैं। उन्हें जनता को जवाब देना होगा कि वाराणसी कब तक स्मार्ट सिटी में तब्दील होगी। मां गंगा के नाम पर भी वोट लेकर मोदी सरकार ने वादाखिलाफी की। इसका नतीजा है कि गंगा आज भी गंदी हैं और इसके लिये प्रयास सिर्फ कागजी हैं। अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार से नदियों के गंदा होने पर सवाल किया। पूछा कि भारत की नदियों को लेकर उनका संकल्प कहां गया। कहा केेंद्र सरकार अपने एसेट बेच रही है। निजीकरण पर ही सरकार का फोकस बना हुआ है और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा। भारत के लोगों का भविष्य सरकार दूसरे के हाथों में दे रही है और यह सरासर विश्वासघात है। सरकार अगर सारी चीजों को निजी हाथों में दे देगी तो संविधान पर संकट आ जायगा। यही वजह है कि इस सरकार में गरीब और मध्यम वर्ग पर कोई बात नहीं हो रही है। इनके समक्ष खाने और बचाने की जद्दोजहद चल रही है। दर्शन-पूजन के बाद वह कैंटोमेंट स्थित एक तारांकित होटल में पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी नेताओं से स्थानीय राजनीति पर बातचीत की और उनकी समस्याओं को भी जाना। रात्रि विश्राम भी उन्होंने यहीं किया।

पूर्व मुख्यमंत्रीका भव्य स्वागत

पिंडरा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गुरुवार को जौनपुर आगमन पर पिंडरा विस क्षेत्र के विभिन्न जगह सपाई कार्यकर्ताओ ने ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान बाबतपुर चौराहे स्थित पुरानी चौराहे से लगायत फूलपुर तक आधा दर्जन जगह स्वागत किया गया। इसके साथ जगह उनका काफिला रोक पर उत्साह से लबरेज कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए माला व फूलों से स्वागत किया गया। इस अवसर पर सर्वश्री ऊदल सिंह पटेल, फूलपुर डिग्गी पर वरिष्ठ सपा नेता शीतला प्रसाद सिंह, एग्रो पार्क के सामने विन्दा ग्राम प्रधान छन्नू यादव व प्रमोद राजभर गुड्डू के नेतृत्व में स्वागत किया। इस दौरान बूथ अध्यक्ष सूर्यकुमार यादव , राज बहादुर यादवए जीउत लाल यादव,  स्वतंत्र यादवए रामनरेश यादव , पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, पूर्व मंत्री वीरेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद प्रत्याशी शालिनी यादव, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, जिलामहासचिव आनन्द मौर्य, महानगर महासचिव जितेन्द्र यादव अशफाक अहमद, सुनील सोनकर विजय मौर्य, पूजा यादव, प्रिया राज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।