News TOP STORIES पटना बिहार राष्ट्रीय

गिरिराज सिंह बोले- बिहार के थाने में हो रही पुलिसकर्मियों की पिटाई और सीएम कह रहे हैं यहां जनता राज है


पटना । केंद्रीय पंचायतीराज और ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर कटाक्ष किया है। उन्होंने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि नीतीश कुमार ने बबूल का पेड़ रोपा है, तो आम कहां से फलेगा। बिहार के विधि व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। कहा कि पुलिसकर्मियों को थाने में घुसकर राजद के लोग पीटते रहते हैं और मुख्यमंत्री जानबूझकर जंगल राज को जनता राज साबित करने पर लगे हुए हैं। एक अन्य सवाल पर कहा कि आरसीपी सिंह ने सच कह दिया है तो मुख्यमंत्री को मिर्ची लगी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता दरबार से कोई फायदा नहीं होता है।

उन्होंने कहा कि हम बोलते हैं तो गलत अर्थ निकाला जाता है। देश के अंदर कुछ लोग माहौल को खराब करना चाहते हैं। जुलूस पर पत्थरबाजी हो रही है। ज्ञानवापी का मामला देखिए, सर से तन जुदा करने का नारा देखिए। ये सब क्या हो रहा है। आजादी के समय जब देश का बंटवारा हुआ तो क्या किया गया, सबने देखा। अब क्या हाल हो रहा है। देश का बहुसंख्यक समाज इसको लेकर क्यों नहीं बोलता है। अगर हम बोलते हैं तो फिर गलत अर्थ लगाते हैं।

नीतीश कुमार का पीएम बनने का सपना सपना ही रहेगा 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जो बात विपक्ष में बैठे लोग अभी कर रहे हैं। देश की जनता सब जानती है। विपक्षी एकता के सवाल पर गिरिराज सिंह ने कहा कि जब तक पूरे विपक्ष के लोग मिलकर नेता नहीं तय कर लेते हैं तब तक आपको लगता है कि कुछ होगा। नीतीश कुमार का प्रधानमंत्री बनने का जो सपना है वो सपना ही रह जाएगा। उन्होंने कई मुद्दों लेकर विपक्ष कटाक्ष किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोई कुछ कहे, लेकिन हम मानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लिए जो किया है आज तक कभी नहीं हुआ था।  देश की जनता मान रही है। जनता मोदी के साथ है।