News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री बने भूपेंद्र पटेल, अमित शाह समेत बीजेपी के कई दिग्गज मौजूद


राज्य के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पटेल को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए रविवार को आमंत्रित किया था। शपथ ग्रहण समाराोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।

गांधीनगरः बीजेपी नेता भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (मध्य प्रदेश), मनोहर लाल खट्टर (हरियाणा) और अन्य उपस्थित थे।

पहली बार विधायक बने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक भूपेंद्र पटेल सोमवार को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह विजय रुपाणी की जगह लेंगे, जिन्होंने राज्य में विधानसभा चुनाव से 15 महीने पहले शनिवार को अचानक पद से इस्तीफा दे दिया था। पटेल (59) को रविवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया और वह अपराह्न 2:20 बजे राज्य के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।

पटेल 2017 के विधानसभा चुनाव में राज्य की घाटलोडिया सीट से पहली बार चुनाव लड़े थे और जीते थे। उन्होंने कांग्रेस के शशिकांत पटेल को एक लाख से अधिक वोटों से हराया था, जो उस चुनाव में जीत का सबसे बड़ा अंतर था।

सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा धारी और अपने समर्थकों के बीच ‘दादा’ के नाम से पुकारे जाने वाले पटेल को गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री और अब उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का करीबी माना जाता है। वह जिस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, वो गांधीनगर लोकसभा सीट का हिस्सा है, जहां से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सांसद हैं।

भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि मोदी ने रविवार को पटेल से फोन पर बात की और उन्हें बधाई दी। पटेल इससे पहले राज्य सरकार में मंत्री भी नहीं रहे, जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 साल पहले गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से पहले कभी मंत्री नहीं रहे थे।