Latest News महाराष्ट्र

बलात्कार के मामले के बावजूद मुंबई महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर: शिवसेना


  • मुंबई,  शिवसेना ने सोमवार को कहा कि यहां एक महिला के साथ हुए नृशंस बलात्कार और हत्या ने सभी को झकझोर कर रख दिया लेकिन मुंबई दुनिया में महिलाओं के लिए ”सबसे सुरक्षित शहर” है और इसे लेकर किसी के मन में कोई संदेह नहीं होना चाहिए।

शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में कहा गया है कि महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध की हालिया घटनाएं राज्य की संस्कृति पर एक ‘धब्बा’ हैं और लोगों में गुस्सा उचित है।

पुलिस ने पहले कहा था कि उपनगरीय साकीनाका में शुक्रवार तड़के एक खड़े टेम्पो के अंदर एक व्यक्ति ने 34 वर्षीय एक महिला के साथ बलात्कार और क्रूरता की। शनिवार तड़के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

मुंबई में हुई दुष्कर्म की इस घटना ने दिल्ली में 2012 में हुए ‘निर्भया’ सामूहिक दुष्कर्म की याद ताजा कर दी। घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार किए गए 45 वर्षीय संदिग्ध पर बाद में हत्या का आरोप लगाया गया।

‘सामना’ ने कहा, ”साकीनाका में महिला के बलात्कार और हत्या ने सभी को झकझोर दिया है लेकिन, मुंबई महिलाओं के लिए दुनिया का अत्यंत सुरक्षित शहर है और किसी के भी मन में इस बारे में कोई संदेह नहीं होना चाहिए।”