News TOP STORIES झारखंड नयी दिल्ली रांची राष्ट्रीय

गृह मंत्री अमित शाह आज शाम पहुंचेंगे रांची, करेंगे लोकसभा चुनाव 2024 का आगाज


रांची। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार की शाम 6:00 बजे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां पर भाजपा नेता और कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे। तमाम विधायकों के साथ-साथ कई जनप्रतिनिधियों का भी जुटान होगा। दूसरी ओर, अमित शाह के दौरे को देखते हुए रांची पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं एवं बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से रेडिसन ब्लू तक के रास्ते को पुलिस छावनी में तब्‍दील किया गया है।तीन आईपीएस, डीएसपी, इंस्पेक्टर, दारोगा के अलावा 2000 पुलिस जवानों की तैनाती झारखंड पुलिस की ओर से की गई है। यहीं पर भाजपा नेताओं का एक दल अमित शाह से मिलने भी पहुंचेगा।

चुनाव की तैयारियों का लेंगे जायजा

अभी तक की तैयारियों के अनुसार इस दल का नेतृत्व रांची के सांसद संजय सेठ करेंगे। इस दौरे में अमित शाह की मुलाकात पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा एवं रघुवर दास से होना तय है। भाजपा के सभी विधायक और सांसद भी उनसे मिलेंगे। गृह मंत्री अमित शाह की सुरक्षा को लेकर एसपीजी की टीम दिल्ली से रांची पहले ही पहुंच चुकी है। एसपीजी की टीम में रांची पुलिस के अफसरों और भाजपा के स्थानीय नेता के साथ गुरुवार को ही बैठक की थी। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से रेडिसन ब्लू जाने वाले रास्ता का भी जायजा लिया था।

गृहमंत्री रांची से होंगे रायपुर के लिए रवाना

अभी तक की तैयारियों के अनुसार शुक्रवार की रात अमित शाह रांची में ही रुकेंगे। शनिवार को सुबह 10:05 बजे वह रांची एयरपोर्ट से चाईबासा के लिए रवाना हो जाएंगे। चाईबासा में वह लोकसभा चुनाव 2024 का आगाज करेंगे। यहां अमित शाह भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होंगे। चाईबासा लोकसभा कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इस कमेटी में पार्टी के स्थानीय नेताओं को शामिल किया गया है। साथ ही अमित शाह टाटा कालेज चाईबासा मैदान में चुनाव की तैयारी में लगे पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और दोपहर लगभग 1:00 तक रांची एयरपोर्ट लौट आएंगे, फिर वह रांची से रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।