पटना

गोपालगंज: सुहागरात के दिन नवदंपति ने की खुदकुशी की कोशिश


गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में प्रेम विवाह करने वाले एक जोड़े ने हनीमून की रात सुसाइड करने की कोशिश की। सात फेरे लेने के बाद सुहागरात को ही प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। गंभीर हालत में नवदंपति को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया। घटना मीरगंज थाना क्षेत्र की है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि जमशेदपुर के सोनाटे थाना क्षेत्र की रहने वाली 28 साल की शांति देवी ने गोपालगंज के मीरगंज शहर के 30 साल के मुकेश कुमार सिंह से शनिवार को थावे मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद रविवार को घर पर भोज दिया गया था।

सगे-संबंधियों और रिश्तेदारों को खाना खिलाने के बाद पति-पत्नी सोने के लिए चले गए। इसके बाद जोड़े ने जहर खा लिया। प्रेमी जोड़े को सदर अस्पताल लेकर आए परिजनों के अनुसार, दोनों ने जहर मिला चिकन खाया था। हालांकि उनके जहर खाने की वजह क्या है इसका फिलहाल पता नहीं चला है।

डॉक्टरों के मुताबिक, परिजनों ने जहर खाने के बाद उल्टी कराने के लिए नवदंपति को सर्फ का पानी पिलाया था। उसके बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ। तब परिजन दोनों को इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल पहुंचे थे। इस मामले में सदर अस्पताल के पुलिस पदाधिकारी बीएन राय ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों प्रेमी जोड़े बेहोशी हालत में थे इसलिए पूछताछ नहीं की जा सकी।