पटना

बिहार की विरासत को दुनिया के लोग जान सकेंगे : उप मुख्यमंत्री


(आज समाचार सेवा)

पटना। कला संस्कृति एवं युवा विभाग के तत्वाधान में नेक संवाद में बिहार म्यूजियम बियनाले 2021 का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया।

उक्त अवसर पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उप मुख्यमंत्री श्रीमती रेणु देवी, कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री श्री आलोक रंजन झा, मुख्यमंत्री के परामर्शी श्री अंजनी कुमार सिंह, कला संस्कृति एवं युवा विभाग के प्रधान सचिव रवि मनुभाई परमार, योजना विकास विभाग के सचिव मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, बिहार संग्रहालय के निदेशक दीपक आनंद सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े शोधकर्ता, विशेषज्ञ वक्ता उपस्थित थे।

इस अवसर पर अपने संबोधन के दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिहार म्यूजियम का निर्माण कर राज्य के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का अनूठा प्रयास किया गया है। बिहार संग्रहालय द्वारा विश्व के कई बड़े संग्रहालयों के साथ मिलकर बिहार म्यूजियम बियनाले का आयोजन किया जा रहा है, जो अत्यंत सराहनीय कदम है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से बिहार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, कलाकृतियों के विषय में देश और दुनिया के लोग जान सकेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार म्यूजियम में रखे गए प्राचीन कलाकृतियों एवं खुदाई में मिले अवशेषों के विषय में हमारे बच्चों को भी जानकारी देने के उद्देश्य से उन्हें कार्यक्रम बना कर बिहार म्यूजियम भ्रमण की व्यवस्था किये जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि बिहार म्यूजियम बियनाले में 13 भारतीय संग्रहालय से भी प्रदर्शनियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस म्यूजियम बियनाले में जर्मनी, फ्रांस, इटली, सिंगापुर, भारत, ब्रिटेन जैसे कई देशों के संग्रहालय शामिल हो रहे हैं और सबसे खुशी की बात है कि इस म्यूजियम बिएनाले की मेजबानी बिहार कर रहा है। बिहार एक बार पुन: अग्रणी भूमिका में आया है।

इस अनूठे और बेहतरीन कार्यक्रम के माध्यम से बिहार विरासत के विषय में देश और दुनिया के लोग जान सकेंगे तथा कार्यक्रम की अवधि में दुनिया के विशेषज्ञ वक्ताओं के विचार से भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने इस अनूठे कार्यक्रम के तमाम आयोजनकर्ताओं को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।