Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी करेंगे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी


पणजी, : केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगे। भाजपा की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, पार्टी ने राजधानी पणजी में दोपहर 12.30 बजे घोषणापत्र जारी करने का समय निर्धारित किया है। गडकरी आज सुबह 11 बजे डाबोलिम हवाईअड्डे पहुंचेंगे और पणजी के लिए रवाना होंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और भाजपा गोवा चुनाव प्रभारी समेत महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सदानंद शेट तावडे समेत कई नेता मौजूद रहेंगे।

दरअसल, प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर के निधन के बाद पार्टी ने रविवार को जारी होने वाले अपने घोषणापत्र को रोक दिया था। हालांकि, अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेंगे। जानकारी के अनुसार, गोवा में 14 फरवरी को 40 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होने हैं। जबकि, 10 मार्च को चुनाव के नतीजे आएंगे। राज्य में बीते 21 जनवरी से नामांकन शुरू हुआ था और 28 जनवरी को नामांकन की आखिरी तारीख थी। कोविड-19 महामारी को देखते हुए चुनाव आयोग ने इस बार सख्त दिशा निर्देश जारी किए हैं।