Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

त्रिपुरा: भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए दो विधायकों का दावा- कई MLA पार्टी छोड़ने को तैयार


नई दिल्ली, । त्रिपुरा में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। विधायक सुदीप राय बर्मन और आशीष कुमार साहा मंगलवार को कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। दोनों विधायकों ने सोमवार को भाजपा को अलविदा कह दिया था। सुदीप राय और आशीष कुमार ने स्पीकर रतन चक्रवर्ती से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद दोनों दिल्ली आ गए थे। दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पहुंचकर दोनों पार्टी में शामिल हो गए।

सुदीप राय बर्मन का बड़ा दावा

सुदीप राय बर्मन ने बड़ा दावा किया है। सुदीप राय ने दावा किया है कि त्रिपुरा में कई विधायक पार्टी छोड़ने के लिए तैयार हैं। तकनीकी कारणों की वजह से वो दो-तीन महीने और रुकना चाहते हैं।

बता दें कि सुदीप राय बर्मन ने पहले ही अपने बागी तेवर दिखा दिए थे। बर्मन ने कुछ दिन पहले त्रिपुरा सरकार पर हमला करते हुए कहा था कि राज्य में लोकतंत्र नहीं है और यहां लोगों का दम घुट रहा है। उन्होंने ये भी कहा था कि वह लोगों की राय लेने के बाद अपने भविष्य पर फैसला करेंगे।

त्रिपुरा में अगले साल होंगे चुनाव

त्रिपुरा में अगले साल 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। गौरतलब है कि 60 सदस्यीय विधानसभा में दो विधायकों के इस्तीफे के साथ भाजपा की संख्या अब 33 हो गई है।