Latest News उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

ग्रेटर नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर लगा भीषण जाम,


नई दिल्ली/नोएडा। ग्रेटर नोएडा और आगरा के बीच 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेस-वे पर लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के पर्यटक भारी संख्या में यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिये अन्य राज्यों का रुख कर रहे हैं, इसके चलते जेवर टोल पर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई है।   वहीं, ग्रेटर नोएडा  पुलिस के अनुसार, वीकेंड और क्रिसमस मनाने के लिए लोग अन्य जगहों पर जा रहे हैं, जिससे वाहन चालकों की संख्या में अप्रत्याशित रूप से इजाफा हुआ है। ऐसे में जेवर टोल प्लाजा से पहले वाहनों की लंबी कतार लग गई है। यातायात सामान्य करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। उधर, नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने अपने आधिकारिक हैंडल से हिंदी में एक ट्वीट में कहा- है- ‘सप्ताहांत के कारण भारी ट्रैफिक के कारण जेवर टोल यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक धीमी गति से चल रहा है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ट्रैफिक को सामान्य बनाने में लगे हुए हैं।’

इससे पहले अक्टूबर महीने में भी यमुना एक्सप्रेस-वे पर आरामदायक सफर की चाह में दिल्ली-एनसीआर से निकले हजारों वाहन जेवर टोल प्लाजा पर लगे लंबे जाम में फंस गए थे। ऐसे में वाहन चालकों का आगरा तक पहुंचने का समय जेवर टोल पार करने में ही बर्बाद हो गया था। वहीं, अक्टूबर महीने में लगे जाम को  जेवर कोतवाली पुलिस ने जेपी इन्फ्राटेक के निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ घंटों की मशक्कत के बाद खुलवाया और टोल पर फंसे वाहनों को निकाला। इस बीच करीब छह घंटे तक एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा रहा। कुछ वाहन चालक अपना आगे का प्लान बदल जेवर से ही दिल्ली वापस लौट गए थे।